State NewsUttar Pradesh

बरेली में 17 कन्याओं का सामूहिक विवाह, शहनाइयों के बीच गूंजे मंगलगीत

बरेली,
बरेली में कुर्मी क्षत्रिय सभा द्वारा आयोजित 18वें स्वजातीय परिचय सम्मेलन एवं सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन रविवार को भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए और 17 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाध्यक्ष एड. के.पी. सेन गंगवार एवं उनकी पत्नी सुधा सेन गंगवार ने दीप प्रज्वलन कर किया। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों का स्वागत एवं विवाह परिचयिका का विमोचन किया गया। समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ 17 कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया, जहां शहनाइयों और मंगलगीतों की गूंज से वातावरण उल्लासमय हो उठा।

मुख्य अतिथि सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, पूर्व विधायक भगवत सरन गंगवार, पूर्व विधायक छोटे लाल गंगवार, ब्लॉक प्रमुख भूपेन्द्र कुर्मी, आईएमए अध्यक्ष डॉ. डी.पी. गंगवार सहित कई जनप्रतिनिधियों ने समारोह में शिरकत कर नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।

इस दौरान अतिथियों ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत प्रदान करते हैं। आयोजकों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज को एक मंच पर लाकर आपसी सहयोग और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।

समारोह में नवदंपतियों को गृहस्थी के लिए आवश्यक उपहार भी वितरित किए गए तथा सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कुर्मी क्षत्रिय सभा के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button