यूपी में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस जारी रहेगा, सिस्टम के दुश्मनों पर होगी सख्त कार्रवाई: सीएम योगी

लखनऊ, 18 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की नीति केवल माफियाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि हर उस गुंडे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी जो व्यवस्था और कानून का दुश्मन है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के बिना न निवेश संभव है, न बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और न ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
एक निजी चैनल के ‘राइजिंग भारत समिट’ कार्यक्रम में कानून-व्यवस्था और प्रदेश के आर्थिक विकास पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्फ्यू और दंगों के माहौल में कोई निवेशक नहीं आएगा। विकास के लिए सुरक्षित वातावरण और मजबूत इकोसिस्टम जरूरी है।
यूपी पुलिस में 2.30 लाख भर्तियां पूरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में प्रदेश में पुलिस के लगभग डेढ़ लाख पद खाली थे और भर्ती प्रक्रिया न्यायालय में लंबित थी। सरकार ने भर्ती व्यवस्था में सुधार करते हुए अब तक 2.30 लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी की है। इसके अलावा 32 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती अंतिम चरण में है। सत्यापन पूरा होने के बाद उन्हें नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में एक साथ केवल छह हजार पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देने की क्षमता थी, जो अब बढ़कर 60 हजार हो गई है।
फॉरेंसिक लैब और साइबर सुरक्षा का विस्तार
सीएम योगी ने बताया कि वर्ष 2017 में प्रदेश में केवल दो फॉरेंसिक लैब कार्यरत थीं, जबकि अब सभी 18 मंडलीय मुख्यालयों पर ए-ग्रेड फॉरेंसिक लैब स्थापित की गई हैं। पुलिस फॉरेंसिक इंस्टीट्यूट में डिग्री, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पहले साइबर थाने केवल लखनऊ और नोएडा में थे, लेकिन अब प्रदेश के सभी 75 जिलों में साइबर थाने स्थापित हैं। प्रत्येक थाने में साइबर हेल्पलाइन की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा सात शहरों में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को किया गया मजबूत
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में एसडीआरएफ का गठन किया गया और औद्योगिक इकाइयों, एयरपोर्ट तथा मेट्रो की सुरक्षा के लिए स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (एसएसएफ) बनाई गई है। उन्होंने पुलिस के आधुनिकीकरण और प्रशिक्षण क्षमता में हुए विस्तार को कानून-व्यवस्था सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
पिछली सरकार पर भी साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के शासनकाल पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने लखनऊ के हजरतगंज की एक घटना का जिक्र किया, जिसमें उनके अनुसार एक सपा समर्थित गुंडे ने डिप्टी एसपी को कार के बोनट पर कई किलोमीटर तक घसीटा था।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और कोई भी अपराधी पुलिस को चुनौती देने का दुस्साहस नहीं कर सकता। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की बेहतर कानून-व्यवस्था आज दूसरे राज्यों के लिए भी एक उदाहरण बन रही है।
Advertisments





