State NewsUttar Pradesh

यूपी में 52 हजार शिक्षकों को एआई के लिए तैयार करेगा ‘यूपी एजुकेटर कैटलिस्ट’ कार्यक्रम

अनुदीप फाउंडेशन और माइक्रोसॉफ्ट ने लखनऊ में की पहल की शुरुआत, कक्षाओं में एआई के प्रभावी इस्तेमाल पर रहेगा जोर

लखनऊ, 7 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के लिए तैयार करने की दिशा में अनुदीप फाउंडेशन और माइक्रोसॉफ्ट एलिवेट इंडिया ने ‘यूपी एजुकेटर कैटलिस्ट–बिल्डिंग एआई रेडी क्लासरूम’ कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके तहत प्रदेश के स्कूलों और उच्च शिक्षा संस्थानों के 52 हजार से अधिक शिक्षकों एवं फैकल्टी सदस्यों को एआई के व्यावहारिक उपयोग के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।

कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, प्राचार्यों और शिक्षकों ने हिस्सा लिया। गोरखपुर और प्रयागराज के एक्सपर्ट शिक्षकों को कक्षाओं में एआई के प्रभावी इस्तेमाल और अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षित करने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इन्हें आगे मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार किया जाएगा।

कार्यक्रम तीन प्रमुख स्तंभों पर आधारित है—शिक्षकों में एआई विशेषज्ञता विकसित करना, शिक्षण संस्थानों में एआई को अपनाने में सहयोग देना और मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से इसका व्यापक विस्तार करना।

समग्र शिक्षा (माध्यमिक शिक्षा) के अपर राज्य परियोजना निदेशक विष्णु कांत पांडे ने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षकों को भी नई तकनीकों को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि एआई को शिक्षक का विकल्प नहीं, बल्कि सहयोगी बनाना चाहिए। पाठ योजना, प्रश्नपत्र तैयार करने और दोहराव वाले कार्यों में एआई की मदद से शिक्षकों का समय बचाया जा सकता है, जिसे बेहतर शिक्षण और विद्यार्थियों के साथ संवाद में लगाया जा सकता है।

उन्होंने शिक्षकों को एआई से प्राप्त जानकारी का उपयोग अपनी विषय विशेषज्ञता और अनुभव के आधार पर करने की सलाह दी। कार्यक्रम में माइक्रोसॉफ्ट और अनुदीप फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने भी उत्तर प्रदेश में एआई आधारित शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।

Advertisements……

Related Articles

Back to top button