GovernmentHealth & BeautyState NewsUttar Pradesh

आयुष्मान अस्पतालों के ICU का होगा ऑडिट, योगी सरकार का बड़ा कदम

लखनऊ, 23 नवंबर। उत्तर प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों को बेहतर और सुरक्षित इलाज उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। योजना में सूचीबद्ध निजी अस्पतालों की ICU सुविधाओं का विशेष ऑडिट कराया जाएगा। इसके लिए स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (SACHIS) ने संबंधित ऑडिट एजेंसियों को विस्तृत चेकलिस्ट जारी की है। सभी एजेंसियों को 30 नवंबर तक जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉक्टरों से लेकर वेंटिलेटर तक होगी जांच

इस विशेष ऑडिट में अस्पतालों की ICU व्यवस्था का जमीनी स्तर पर आकलन किया जाएगा। इसमें वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सप्लाई, मरीजों की निगरानी के उपकरण, सक्शन सुविधा और ICU में उपलब्ध जगह की जांच होगी। इसके अलावा विशेषज्ञ डॉक्टरों, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ और चौबीसों घंटे चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता भी परखी जाएगी।

SACHIS की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जोर स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बनाने पर है। इसी दिशा में निजी अस्पतालों की ICU सुविधाओं का विशेष ऑडिट शुरू किया गया है।

केंद्र की नई गाइडलाइन के आधार पर होगा मूल्यांकन

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) की ओर से वर्ष 2026 के लिए ICU संचालन और व्यवस्थाओं से जुड़े नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इनमें ICU के बुनियादी ढांचे, चिकित्सा उपकरणों, डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और संक्रमण नियंत्रण के मानक निर्धारित किए गए हैं।

नई गाइडलाइन के अनुसार ICU को मरीजों की गंभीरता और चिकित्सा जरूरतों के आधार पर तीन स्तरों में बांटा गया है।

  • लेवल-1 ICU: ऐसे मरीजों के लिए जिन्हें शुरुआती इलाज, स्थिरीकरण और सामान्य निगरानी की जरूरत होती है।
  • लेवल-2 ICU: गंभीर मरीजों के लिए, जिनके दो या अधिक अंग प्रभावित हों और जिन्हें लगातार निगरानी व चिकित्सा सहायता की आवश्यकता हो।
  • लेवल-3 ICU: अत्यधिक गंभीर मरीजों के लिए, जिन्हें मल्टी-ऑर्गन फेल्योर जैसी स्थिति में उन्नत चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की जरूरत होती है।

अनावश्यक ICU भर्ती और फर्जी क्लेम पर भी रहेगी नजर

ऑडिट के दौरान यह भी देखा जाएगा कि अस्पतालों में मरीजों को उनकी वास्तविक मेडिकल स्थिति के अनुसार ICU में भर्ती किया जा रहा है या नहीं। इसके साथ ही इलाज और आयुष्मान योजना के तहत किए जा रहे क्लेम की प्रक्रिया की भी समीक्षा होगी।

यदि किसी अस्पताल में निर्धारित मानकों के अनुसार उपकरण, योग्य डॉक्टर या प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध नहीं मिलता है, तो इन कमियों को रिपोर्ट में दर्ज किया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य आयुष्मान योजना के संसाधनों का सही इस्तेमाल सुनिश्चित करना और जरूरतमंद मरीजों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण ICU उपचार उपलब्ध कराना है।

Advertisments

Related Articles

Back to top button