EducationGovernmentNationalState News

सरवोदय विद्यालयों में NCC ट्रेनिंग से निखर रहा हुनर

लखनऊ, 23 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। इसी दिशा में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सरवोदय विद्यालयों में राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) का प्रशिक्षण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को नई दिशा दे रहा है। यहां पढ़ाई के साथ बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित की जा रही है।

प्रदेश के पांच सरवोदय विद्यालयों में कुल 344 विद्यार्थी NCC का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनमें बलिया के बस्तौरा, रसड़ा में 50, इटावा के नगला हीरालाल में 25, बरेली के भोजीपुरा में 100, मिर्जापुर के परसिया में 66 और मड़िहान स्थित सरवोदय बालिका विद्यालय की 34 छात्राएं शामिल हैं। बलिया में चयनित 44 कैडेट 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी शामिल हुए हैं।

इटावा में 80 सीटों की नई NCC यूनिट

इटावा के कंधनी सरवोदय विद्यालय में NCC जूनियर डिवीजन की नई यूनिट को 80 सीटों का आवंटन किया गया है। इसे विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

NCC प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को परेड, प्रशिक्षण शिविर और सामाजिक सेवा जैसी गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। इससे उनमें समय की पाबंदी, टीमवर्क, जिम्मेदारी निभाने और कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता विकसित हो रही है।

NCC प्रमाणपत्र से रोजगार के अवसर

NCC प्रशिक्षण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ रोजगार के अवसरों में भी मददगार साबित हो सकता है। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में सब-इंस्पेक्टर और कांस्टेबल (GD) की सीधी भर्ती में NCC ‘A’, ‘B’ और ‘C’ प्रमाणपत्र धारकों को क्रमशः 2, 3 और 5 प्रतिशत बोनस अंक देने का प्रावधान है। अग्निवीर भर्ती में भी प्रमाणपत्र के स्तर के अनुसार अतिरिक्त बोनस अंक दिए जाते हैं।

समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि सरवोदय विद्यालयों में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ आत्मविश्वासी, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Advertisments

Related Articles

Back to top button