GovernmentLive EventReligiousState NewsUttar Pradesh

11 लाख दीपों से जगमगाएगी काशी, देव दीपावली पर होगा भव्य ड्रोन और लेजर शो

वाराणसी, 23 नवंबर। देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में देव दीपावली को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए योगी सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं। मंगलवार को गंगा के घाटों, कुंडों और गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में 11 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इस वर्ष 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान है। देव दीपावली-2026 में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

11 लाख से अधिक दीपों से रोशन होंगे घाट

काशी के 88 पक्के घाटों पर करीब 5 लाख दीप जलाए जाएंगे। वहीं, गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में 3.5 लाख और शहर के 103 कुंडों पर 2.5 लाख दीप प्रज्ज्वलित होंगे। शाम 5:15 से 5:45 बजे तक दीपदान होगा, जिसके बाद प्रमुख घाटों पर मां गंगा की भव्य आरती की जाएगी।

2100 स्वदेशी ड्रोन और लेजर शो होंगे आकर्षण

देव दीपावली पर आधुनिक तकनीक और भारतीय संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। 2100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए भगवान शिव, शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण से जुड़े दृश्य आसमान में प्रदर्शित किए जाएंगे। चेत सिंह घाट पर 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो भी आयोजित होगा। इसके अलावा पर्यावरण अनुकूल हरित आतिशबाजी दर्शकों को आकर्षित करेगी।

गंगा आरती में शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

दशाश्वमेध घाट पर विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की महाआरती को विशेष भव्यता दी जाएगी। घाट को 21 कुंतल फूलों और 51 हजार दीपों से सजाया जाएगा। 21 अर्चक और 42 देव कन्याएं आरती करेंगी। इस अवसर पर कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी।

काशी विश्वनाथ धाम में दीपोत्सव

देव दीपावली पर श्रीकाशी विश्वनाथ धाम को फूलों और आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। शहर के प्रमुख सरकारी भवनों, होटलों और घाटों पर भी विद्युत सजावट की जाएगी।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए गंगा घाट क्षेत्र को 20 और गंगा पार के रेतीले क्षेत्र को 14 सेक्टरों में बांटा गया है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा, आवागमन और दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

काशी की देव दीपावली इस बार परंपरा, आध्यात्मिकता और आधुनिक तकनीक के संगम के साथ देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी।

Advertisments

Related Articles

Back to top button