Uttar Pradesh

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लोक गायिका शारदा सिन्हा को लोक निर्मला सम्मान से अलंकृत किया ।

जिसका नाम ही ज्ञान और संगीत का पर्याय हो ऐसी प्रख्यात लोक गायिका शारदा सिन्हा को लोक निर्मला सम्मानित से विभूषित कर लखनऊ गौरवांवित हुआ। बुधवार को सोन चिरैया संस्था की ओर से उत्‍तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी में आयोजित उत्सवी शाम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें एक लाख रुपये के लोक निर्मला सम्मान से अलंकृत किया।

शारदा सिन्हा ने कहा कि ऐसे भव्य आयोजन से आने वाले कलाकारों को प्रेरणा मिलती है। समारोह को शारदा सिन्हा ने अपने सुरों से भी सजाया। इस अवसर पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कहा कि सांस्कृतिक विरासत हमारे जीवन की शैली में रची बसी है। कई मौकों पर संगीत को शामिल किया जाता है। परंपराओं की अभिव्यक्ति संस्कार के रूप में अनेक तरह से होती है। इसको जीवंत बनाए रखना बहुत जरूरी है।

उन्होंने आगे कहा कि स्त्री का सम्मान समाज और राष्ट्र का सम्मान है। लोक कलाएं लुप्त होती जा रही हैं, उनको बचाने के लिए ऐसे आयोजन जरूरी हैं। सोन चिरैया की सचिव और प्रख्यात लोक गायिका मालिनी अवस्थी ने मां निर्मला अवस्थी की स्मृति में 2020 में यह सम्मान शुरू किया था। समारोह में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, परिवहन मंत्री दयाशंकर, राज्यपाल ने सोन चिरैया की ओर से आयोजित अमृत गायन प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया। विजेताओं की प्रस्तुति भी हुई।

प्रथम स्थान पर रहे मध्यप्रदेश के सोनी बंधु ने अगर हम नहीं देश के काम आए, धरा क्या कहेगी, गगन क्या कहेगा… देशगीत सुनाया। दूसरे स्थान पर रहीं वेदिका ने हिंद की वसुंधरा प्रणाम बार बार है… पेश किया। तृतीय स्थान पर रहीं गोरखपुर की हृदया ने देसवा के करनवा अपने सोनवा के गहनवा दई दे… गीत से राष्ट्र प्रेम का भाव जगाया। शारदा सिन्हा ने देवी गीत जय जय देवी मनाऊं पशुपति भवानी…, जगदंबा घर में दियरा… और पटना से वेदा बुलाई दे… समेत कई गीतों से समारोह सजाया।

Related Articles

Back to top button
Event Services