चौथा बड़े मंगल 2026: लखनऊ में उमड़ा आस्था का सैलाब

ज्येष्ठ माह केचौथा बड़े मंगल के अवसर पर मंगलवार को राजधानी लखनऊ पूरी तरह भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगी नजर आई। सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। हनुमान सेतु मंदिर, अलीगंज हनुमान मंदिर ,चौक हनुमान मंदिर और अमीनाबाद हनुमान मंदिर में “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। भक्तों ने हनुमान जी को सिंदूर, चोला, फूल-माला और लड्डुओं का भोग अर्पित कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। शहरभर में हजारों स्थानों पर विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी, बूंदी, हलवा, शरबत, आम पना और प्रसाद वितरित किया गया। कई सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडलों, युवा समितियों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सेवा कार्यों में भाग लिया। बड़े मंगल के अवसर पर लखनऊ की गंगा-जमुनी तहज़ीब भी देखने को मिली, जहां विभिन्न समुदायों के लोगों ने मिलकर श्रद्धालुओं की सेवा की और भंडारों का आयोजन कराया। इस वर्ष अधिक मास के कारण 2026 में कुल 8 बड़े मंगल पड़ रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रशासन और नगर निगम द्वारा सुरक्षा एवं स्वच्छता के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मंदिरों और चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा, जबकि नगर निगम ने प्लास्टिक मुक्त बड़े मंगल मनाने की अपील करते हुए कई स्थानों पर पत्तल, मिट्टी के कुल्हड़ और पौधों का वितरण भी कराया। पूरे शहर में भक्ति, सेवा, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने बड़े मंगल की परंपरा को और अधिक भव्य बना दिया।




