पंजाब की सांप्रदायिक सद्भावना तोड़ने की साजिश कर रही आप : सुनील जाखड़

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल और आप नेताओं पर कार्रवाई की मांग उठाई
चंडीगढ़। सुनील जाखर ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के हालिया बयान को राज्य की सांप्रदायिक सद्भावना के लिए खतरा बताते हुए इसे आम आदमी पार्टी की सुनियोजित साजिश करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविन्द केजरीवाल के नेतृत्व में आप पंजाब में सामाजिक एकता को तोड़कर अशांति फैलाना चाहती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बम धमाकों के पीछे भाजपा का हाथ होने के आरोप पूरी तरह बेबुनियाद और भड़काऊ हैं। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल डीजीपी कार्यालय पहुंचा और मुख्यमंत्री सहित अन्य आप नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि यदि भाजपा नेताओं के खिलाफ कोई सबूत हैं तो कार्रवाई की जाए, अन्यथा मुख्यमंत्री और आप नेताओं से इन आरोपों पर जवाब लिया जाए।

जाखड़ ने मुख्यमंत्री के बयान को “देशद्रोही” बताते हुए कहा कि एक तरफ पंजाब पुलिस के डीजीपी धमाकों के पीछे पाकिस्तान की आईएसआई का हाथ बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री पाकिस्तान को क्लीन चिट दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचा सकते हैं और भविष्य में पाकिस्तान इन्हें अपने बचाव में इस्तेमाल कर सकता है।
भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी इस मामले की एनआईए जांच की मांग करेगी और केंद्र सरकार को पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील करेगी। उन्होंने दावा किया कि आप की राजनीति राज्य में विभाजन और तनाव फैलाने वाली है, जिसे भाजपा कभी सफल नहीं होने देगी।
इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने पंजाब की सामाजिक एकता बनाए रखने की बात दोहराई।




