State NewsUncategorizedUttar Pradesh

श्रीराम मार्केट की कपड़े की दुकान और ब्यूटी पार्लर में लगी भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, दमकल और स्थानीय लोगों की मदद से पाया गया काबू

पीलीभीत। बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गोपी वल्लभ स्थित श्रीराम मार्केट में गुरुवार रात एक कपड़े की दुकान और ब्यूटी पार्लर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दोनों दुकानों में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पकड़िया बिंदुआ निवासी कृष्ण कुमार की श्री बालाजी वस्त्र भंडार के नाम से कपड़ों की दुकान है। इसी मार्केट में शिवाजी नगर कॉलोनी निवासी ममता देवी का ब्यूटी पार्लर संचालित है। ममता देवी ने करीब तीन महीने पहले ही पार्लर शुरू किया था, जहां वह अपनी बेटी सोनम गंगवार के साथ बैठती थीं।

कृष्ण कुमार के मुताबिक, गुरुवार शाम वह दुकान बंद कर किसी काम से बाहर गए थे, जबकि उनकी पत्नी का ब्यूटी पार्लर खुला हुआ था। इसी दौरान अचानक आग लग गई। उन्होंने बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई। वहीं, पार्लर संचालिका ममता देवी ने बताया कि घटना के समय वह पार्लर में मौजूद थीं और अचानक आग लगने से वहां रखा सामान इसकी चपेट में आ गया।

घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। बिजली विभाग के कर्मचारी प्रमोद कुमार ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई। इस बीच स्थानीय लोगों ने यमुनोत्री वाटर प्लांट के टैंक से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाद में दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

आग से कपड़ों की दुकान और ब्यूटी पार्लर में रखा सामान काफी हद तक क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों दुकानों में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Advertisements……

Related Articles

Back to top button