State NewsUttar Pradesh

संविधान दिवस पर खंडेलवाल कॉलेज में युवा संवाद एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन

माय भारत के तत्वावधान में विद्यार्थियों ने पोस्टर और भाषण प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा, विकसित भारत@2047 के निर्माण में योगदान देने का लिया संकल्प

बरेली। मेरा युवा भारत (माय भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संविधान दिवस के अवसर पर खंडेलवाल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट साइंस एंड टेक्नोलॉजी, बरेली में जागरूकता कार्यक्रम, युवा संवाद एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को भारतीय संविधान के महत्व, संवैधानिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों तथा विकसित भारत@2047 के निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा।

माय भारत की उप निदेशक पुष्पा सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. सिंह, डॉ. शिव स्वरूप, डॉ. कल्पना कटियार एवं अन्य प्रवक्ताओं ने मां सरस्वती के समक्ष पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्वलन कर किया।

इस अवसर पर माय भारत की उप निदेशक पुष्पा सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। युवाओं को संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात कर जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाशक्ति की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. सिंह ने संविधान को लोकतंत्र की आधारशिला बताते हुए कहा कि यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय का अधिकार प्रदान करता है। संविधान के आदर्शों का पालन करना सभी नागरिकों का दायित्व है।

कार्यक्रम में माय भारत के यूथ आइकॉन इनाम खान ने संगठन की गतिविधियों, उद्देश्यों एवं युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को सामाजिक जागरूकता, नेतृत्व विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

संविधान दिवस के अवसर पर पोस्टर एवं भाषण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों, समानता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में लेफ्टिनेंट रचना, डॉ. मोनिका सक्सेना एवं यूथ आइकॉन इनाम खान शामिल रहे। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिभा ने प्रथम, साक्षी ने द्वितीय तथा आयुष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में शाहनूर प्रथम, सृष्टि द्वितीय तथा इशू मिश्रा तृतीय स्थान पर रहे। प्रतिमा जायसवाल को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का संचालन यूथ आइकॉन इशू मिश्रा ने किया। आयोजन महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सविता सक्सेना के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में फरहा हुसैन, आलोक पटेल एवं शिवांग का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने संविधान के मूल सिद्धांतों न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता को अपने जीवन में अपनाने तथा विकसित भारत@2047 के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

Advertisements…..

Related Articles

Back to top button