GovernmentReligiousSocialState NewsUttar Pradesh

सिख गुरुओं के सम्मान से मजबूत होगी भारत की एकता: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

लखनऊ, 24 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व पर आयोजित समारोह में उन्हें नमन करते हुए कहा कि जब तक भारत में सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रहेगा, दुनिया की कोई ताकत भारत का बाल बांका नहीं कर पाएगी। सिख गुरुओं का त्याग, तपस्या और बलिदान देश की राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव की अमूल्य धरोहर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी महाराज ने ‘एक ओंकार’ के माध्यम से पूरी मानवता को एकता का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं मनुष्य को अंधकार से प्रकाश, अज्ञान से ज्ञान और अधर्म से धर्म की ओर ले जाती हैं। उनके तीन प्रमुख सिद्धांत ‘नाम जपो, कीरत करो और वंड छको’ में सामाजिक समानता, सेवा और सामूहिकता का संदेश छिपा है।

लंगर सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण

सीएम योगी ने कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश जाति, छुआछूत और भेदभाव से विभाजित समाज को जोड़ने का माध्यम बना। गुरुद्वारों में चलने वाली लंगर परंपरा इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, जहां बिना किसी भेदभाव के सभी लोग एक पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। यह सेवा, समानता और मानवीय संवेदना का प्रतीक है।

गुरु तेग बहादुर और चारों साहिबजादों के बलिदान को किया नमन

मुख्यमंत्री ने गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान और गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के चारों साहिबजादों बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की शहादत को भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि कम उम्र में भी चारों साहिबजादों ने धर्म और सिद्धांतों की रक्षा के लिए अद्भुत साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया।

वीर बाल दिवस की पहल को बताया गौरवपूर्ण

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चारों साहिबजादों के बलिदान से युवा पीढ़ी को परिचित कराने के उद्देश्य से लखनऊ में वीर बाल दिवस मनाने की पहल शुरू की गई थी। आज यह पहल देशव्यापी आयोजन का स्वरूप ले चुकी है। इसके माध्यम से बच्चों और युवाओं में राष्ट्रभाव, साहस और अपने मूल्यों के प्रति समर्पण की भावना विकसित हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सच्ची आध्यात्मिकता केवल व्यक्तिगत साधना तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्याय के सामने निर्भीक होकर खड़े होने की प्रेरणा भी देती है। सिख गुरुओं ने अपने त्याग और बलिदान से इसी आदर्श को स्थापित किया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा के महत्व का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के शुकतीर्थ, गढ़मुक्तेश्वर, तिगरी, प्रयागराज, अयोध्या और काशी सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई।

कार्यक्रम में मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख सहित सिख समाज के अनेक प्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Advertisments

Related Articles

Back to top button