सपा छोड़ बीएसपी में फिर शामिल हुए ब्रह्म स्वरूप सागर।
बसपा आलाकमान ने अपने पुराने चेहरों की घर वापसी का अभियान छेड़ दिया है।

बरेली : रुहेलखंड में बड़े सियासी उलटफेर की तैयारी के साथ बसपा आलाकमान ने अपने पुराने चेहरों की घर वापसी का अभियान छेड़ दिया है। मिशन 2024 के लिए पार्टी के चुनावी होमवर्क को धार देने के लिए बसपा सुप्रीमो के निर्देश पर स्टेट कोआर्डीनेटर आर. के. गौतम, पश्चिमी यूपी प्रभारी नौशाद अली एवं सांसद गिरीश चंद्र जाटव की मौजूदगी में बरेली के कद्दावर नेता ब्रह्मस्वरूप सागर को एक बार फिर हाथी पर बैठाया गया है बड़ी संख्या में समर्थक नेता और कार्यकर्ताओं के साथ ब्रह्मस्वरूप बसपा में शामिल हो गए हैं। ब्रह्मस्वरूप को एक कुशल नेता माना जाता है। पूर्व में वह बसपा के बरेली-मुरादाबाद मंडल के जोन कोआर्डीनेटर रह चुके हैं और शाहजहांपुर बरेली से मुरादाबाद-बिजनौर तक BSP का झंडा बुलंद किया
था।
ब्रह्मस्वरूप सागर की पहचान बरेली ही नहीं, बल्कि पूरे बरेली मंडल में ऐसे कुशल संगठनकर्ता के रूप में होती है, जो कार्यकर्ताओं में बेहद लोकप्रिय होने के साथ किसी भी काल और परिस्थिति में अपनी सियासी टीम का हौसला बुलंद रखते हैं। 2007 में सपा छोड़ बसपा में शामिल होते ही उन्होंने बरेली में बड़ी ताकत दिखाई थी।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने जिलाध्यक्ष पद से बड़ा प्रमोशन देकर पहले बरेली मंडल का कोआर्डीनेटर और बाद में बरेली के साथ मुरादाबाद मंडल के जोन कोआर्डीनेटर का भी दायित्व सौंपा था। बरेली मुरादाबाद मंडल के जोन कोआर्डीनेटर रहते सागर ने शाहजहांपुर से बिजनौर तक बसपा का शहर से गांव-गांव तक मजबूत संगठन खड़ा किया। 2012 में उत्तर प्रदेश की सत्ता से बसपा की विदाई के बाद भी ब्रह्मस्वरूप पूरी ताकत से संगठन में जान फूंकने के अपने अभियान में जुटे रहे और हर मोर्चे पर पार्टी का नीला झंडा लहराते रहे।
बहुजन समाज पार्टी यूपी में मिशन 2024 की तैयारी में जुटी है और इसी क्रम में अपने पुराने नेताओं को फिर से घर वापसी के प्रयास जोर शोर से किए जा रहे हैं, मंगलवार को बरेली मंडल के प्रमुख नेता ब्रह्मस्वरूप को बसपा ज्वाइन कराई है। बरेली में हुए इस कार्यक्रम में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ ब्रह्मस्वरूप सागर बसपा में शामिल हो गए। उनके साथ बड़ी संख्या में और भी समर्थक नेता व कार्यकर्ताओं ने बसपा का दामन थामा है। फिलहाल ब्रह्मस्वरूप सागर के फिर से बसपा में शामिल होने का सियासी असर बरेली ही नहीं, बल्कि पूरे बरेली मंडल में नजर आने की संभावना व्यक्त की जा रही है। सागर के साथ बसपा ज्वाइन करने वालों में शाहजहांपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार एडवोकेट, रनवीर सिंह, पप्पू राना, राजेन्द्र सागर एडवोकेट पूर्व मंडल महासचिव, विशाल पटेल, राममूर्ति लाल, आफताब अहमद, एजाज कमर, ममता सिंह, मुकेश सागर, हरनाम सागर प्रधान, सरदार इंद्रजीत सिंह, राजेश सागर पूर्व विधान सभा अध्यक्ष समेत दर्जनों नेता, कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे I
अन्य खबरों के लिए हमसे फेसबुक पर जुड़ें। आप हमें ट्विटर पर फ़ॉलो कर सकते हैं. हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।
किसी भी प्रकार के कवरेज के लिए संपर्क AdeventMedia: 9336666601