State NewsUttar Pradesh

नौकरी और शादी का झांसा देकर महिला का शोषण करने का आरोप, दरोगा सस्पेंड

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में तैनात एक उपनिरीक्षक पर महिला ने नौकरी और शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद एसएसपी ने आरोपी दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

पीड़िता के अनुसार, वह अपने पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग लेकर बारादरी थाने पहुंची थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक नरेश बाबू ने कार्रवाई और नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे संपर्क बढ़ाया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने शादी का वादा कर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उससे कई बार रुपये लिए। विरोध करने और शिकायत की बात कहने पर पुलिस विभाग में प्रभाव होने का डर दिखाते हुए उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। साथ ही परिजनों के साथ मिलकर मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने वर्तमान में सिरौली थाने में तैनात उपनिरीक्षक नरेश बाबू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच की जिम्मेदारी एसपी साउथ अंशिका वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

नोट: यह समाचार महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर आधारित है। मामले की जांच जारी है और आरोपी की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Advertisement….

Related Articles

Back to top button