रामनगर गौटिया में महिलाओं को बांटे गए निःशुल्क सेनेटरी पैड, स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

बरेली। सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल के प्रबंधक डॉ. सौरभ कुमार अग्रवाल ने रामनगर गौटिया गांव में महिलाओं के लिए निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ‘सेहत की पाठशाला’ अभियान के अंतर्गत महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई तथा बेहतर स्वास्थ्य के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने से संक्रमण सहित कई गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने महिलाओं से स्वच्छ एवं सुरक्षित सेनेटरी पैड का उपयोग करने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।
कार्यक्रम में उन्होंने सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के लक्षण, कारण, बचाव के उपाय एवं उपलब्ध वैक्सीन की उपयोगिता पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि समय रहते जांच और जागरूकता से इस बीमारी की रोकथाम संभव है।
इस अवसर पर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
Advertisement….




