State NewsUttar Pradesh

महिला सिपाही से शादी का झांसा देने वाला सिपाही निलंबित, विभागीय जांच शुरू

शादीशुदा होने की बात छिपाकर बढ़ाई नजदीकियां, मानसिक तनाव में महिला सिपाही ने खाया दवाइयों का ओवरडोज

बरेली, संवाददाता। बरेली पुलिस महकमे में एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसमें शाही थाने में तैनात एक सिपाही पर अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाकर महिला सिपाही से संबंध बनाने और शादी का झांसा देने का आरोप लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने आरोपी सिपाही अमित चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार शाही थाने में तैनात सिपाही अमित चौधरी ने स्वयं को अविवाहित बताकर एक रिक्रूट महिला सिपाही से निकटता बढ़ाई। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के साथ रिश्ते ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि सिपाही ने महिला को विवाह का भरोसा भी दिलाया, जिसके चलते दोनों के बीच संबंध आगे बढ़े।

सच्चाई सामने आने पर बढ़ा विवाद

कुछ समय बाद महिला सिपाही को पता चला कि अमित चौधरी पहले से विवाहित है। इस खुलासे के बाद महिला सिपाही को गहरा मानसिक आघात पहुंचा और मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गया।

मानसिक तनाव में उठाया आत्मघाती कदम

सीओ मीरगंज अजय कुमार के अनुसार, 31 मई 2026 को मानसिक तनाव के चलते महिला सिपाही ने अपने पास रखी कई दवाइयों का एक साथ सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू की। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी अनुराग आर्य ने इसे पुलिस सेवा की गरिमा और अनुशासन से जुड़ा गंभीर मामला मानते हुए आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया।

पुलिस लाइन से किया गया संबद्ध

निलंबन के बाद अमित चौधरी को पुलिस लाइन बरेली से संबद्ध कर दिया गया है। विभागीय आदेश के अनुसार वह बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेगा।

एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि विभागीय जांच में आरोप सिद्ध होने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभाग में इस पूरे प्रकरण को अनुशासन और विभागीय छवि से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील मामला माना जा रहा है।

Advertisement…..

Related Articles

Back to top button