200 से अधिक प्रतिभाशाली छात्रों को किया गया सम्मानित

लखनऊ: शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए एस.आर. ग्लोबल स्कूल में मेधावी छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित करने वाले 200 से अधिक विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एस.आर. ग्रुप के चेयरमैन एवं एमएलसी (सीतापुर) श्री पवन सिंह चौहान तथा वाइस चेयरमैन श्री पीयूष सिंह चौहान उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा भी है।
इस अवसर पर बोर्ड परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल करने वाले छात्र को विशेष रूप से चेयरमैन द्वारा टैबलेट एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त सभी मेधावी विद्यार्थियों को ट्रॉफी, टैबलेट, ट्रॉली बैग एवं स्कूल बैग भेंट किए गए।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों की सफलता में अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका को भी सराहा गया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा अभिभावकों को विशेष रूप से सम्मानित कर उनके सहयोग और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
अपने संबोधन में श्री पवन सिंह चौहान ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं और उनकी प्रतिभा को सही दिशा देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं श्री पीयूष सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
पूरे समारोह के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह, गौरव और प्रेरणा के माहौल से सराबोर रहा। कार्यक्रम में शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




