Entertainment

करण सिंह ग्रोवर ने बिपाशा बसु को आधी रात को दिया खास सरप्राइज

बॉलीवुड एक्ट्रेस बिपाशा बसु फिल्म इंडस्ट्री का एक जाना-माना नाम हैं। वह उन कुछ चुनिंदा सेलेब्रिटीज में शामिल हैं, जिन्होंने बॉलीवुड में अपनी पहचान अपने दम पर बनाई है। 7 जनवरी को बिपाशा अपना 43वां जन्मदिन मना रही हैं। बिपाशा के फैमिली और फ्रेंड्स के अलावा उनके फैंस ने उन्हें सोशल मीडिया के जरिए जन्मदिन की बधाई दी, पर इन सभी में सबसे खास बर्थडे विश उनके पति करण सिंह ग्रोवर की तरफ से आयी। बिपाशा ने अपनी इस खुशी को फैंस के साथ अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर साझा की। बिपाशा ने इंस्टाग्राम पर तीन पोस्ट शेयर किये।

पोस्ट से साफ पता चलता है कि करण ने बिपाशा को मिडनाइट बर्थडे सरप्राइज दिया। एक वीडियो में बिपाशा गोल्डन और पिंक गुब्बारों के साथ नाचती-झूमती दिख रही हैं तो वहीं दूसरे वीडियो में पति करण संग रेड और येलो दो केक काटती नजर आ रही हैं। पति करण ने बिपाशा के लिए बर्थडे सॉन्ग भी गाया। इस दौरान दोनों रोमांटिक होते भी दिखे।

उधर, करण सिंह ग्रोवर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी पत्नी बिपाशा के लिए एक प्यार भरा क्यूट मैसेज पोस्ट किया। करण ने लिखा, “आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं, मेरे प्यारे प्यारे मंकी बेबी! आपके जीवन का हर पल खुशी और प्यार और हंसी से भरा हो! आप सबसे अद्भुत व्यक्ति हैं, जिन्हें मैंने कभी जाना है! जन्म लेने के लिए और हम सभी को अपनी रोशनी से भरने के लिए धन्यवाद! बेबी मैं तुमसे प्यार करता हूं! जन्मदिन मुबारक हो!” मैसेज के साथ ही करण ने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें उन्होंने बिपाशा की कई तस्वीरें शेयर कीं।

बिपाशा बसु का बॉलीवुड सफर

इस साल सितंबर में बिपाशा बॉलीवुड में अपने 21 साल पूरे कर लेंगी। एक सफल मॉडलिंग करियर के बाद बिपाशा ने थ्रिलर फिल्म अजनबी (2001) में पैरेलल लीड रोल के साथ अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी, जिसके लिए उन्हें बेस्ट फीमेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवार्ड भी मिला था। राज़ (2002), जिस्म (2003), कॉरपोरेट (2006), नो एंट्री (2005), फिर हेरा फेरी (2006) और ऑल द बेस्ट: फन बिगिन्स (2009), एक्शन एडवेंचर फिल्म धूम 2 (2006), एक्शन थ्रिलर फिल्म रेस (2008) और हॉरर थ्रिलर फिल्म राज़ 3डी (2012) जैसी कई हिट फिल्मों में बिपाशा ने काम किया है। बिपाशा आखिरी बार 2015 की हॉरर फिल्म अलोन के जरिए बड़े पर्दे पर नजर आयी थीं। 2020 में उन्होंने डेंजरस वेब सीरीज से ओटीटी डेब्यू किया था।

Related Articles

Back to top button
Event Services