लखनऊ में जनजातीय उत्सव का भव्य शुभारंभ

13 राज्यों के कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां, करमा से लेकर चकरी और संथाली नृत्य ने बांधा समां
26 नवंबर तक चलेगा चार दिवसीय उत्सव, प्रतिदिन आयोजित होगा जनजातीय शिल्प मेला
लखनऊ, 23 नवंबर। राजधानी लखनऊ में जनजातीय संस्कृति, लोककला और पारंपरिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिला। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर गोमती नगर स्थित यूपी दर्शन पार्क में सोमवार को चार दिवसीय ‘अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव’ का भव्य शुभारंभ हुआ। 23 से 26 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस उत्सव का उद्घाटन समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने किया।
उत्सव के पहले दिन 13 राज्यों से आए जनजातीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य, संगीत और लोकगायन की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक समागम शोभायात्रा से हुई, जो 1090 चौराहे से शुरू होकर यूपी दर्शन पार्क पहुंची। इसके बाद शाम पांच बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र के कलाकारों ने मादल वादन और करमा नृत्य की प्रस्तुति दी। वहीं लखीमपुर खीरी के चंदन चौकी से आए थारू जनजाति के कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य के जरिए अपनी संस्कृति की झलक दिखाई। बिजनौर की बुक्सा जनजाति का नृत्य और चित्रकूट के कलाकारों का जवारा एवं राई नृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहा।
देश के अन्य राज्यों से आए कलाकारों ने भी अपनी लोककलाओं से उत्सव में चार चांद लगा दिए। महाराष्ट्र के कलाकारों ने बोहणा नृत्य, मध्य प्रदेश के धार से आए कलाकारों ने भगोरिया नृत्य, राजस्थान के कलाकारों ने तेराताली और चकरी नृत्य प्रस्तुत किया। पश्चिम बंगाल के संथाली नृत्य, हिमाचल प्रदेश के सिरमौरी एवं लम्बाडा नृत्य और छत्तीसगढ़ की पंडवानी गायन प्रस्तुति ने भी दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
इसके अलावा प्रयागराज के कलाकारों ने बीन वादन और ओडिशा की बोंडा जनजाति के कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया। उत्तराखंड के जौनसारी नृत्य तथा राजस्थान के लंगा गायन ने भी कार्यक्रम को यादगार बनाया। विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को देश की समृद्ध जनजातीय परंपराओं और लोककलाओं को करीब से जानने का अवसर मिला।
उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ जनजातीय शिल्प मेले का भी आयोजन किया जा रहा है। यह मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। इसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए शिल्पकार अपने पारंपरिक हस्तशिल्प और कलाकृतियों का प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे लोगों को जनजातीय कला एवं शिल्प को समझने और शिल्पकारों से सीधे जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं संस्कृति और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन जनजातीय परंपराओं, लोककलाओं और पारंपरिक शिल्प को देशभर में पहचान दिलाने के साथ ही कलाकारों एवं शिल्पकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं।
Advertisments





