बरेली में Tamron के अत्याधुनिक कैमरा लेंसों का प्रदर्शन, फोटोग्राफरों ने सीखी नई तकनीकें

बरेली
बरेली फोटोग्राफर वेलफेयर एसोसिएशन (रजिस्टर्ड) के तत्वावधान में शनिवार को होटल सीता किरण में विश्व प्रसिद्ध Tamron Camera Lens कंपनी की तकनीकी वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फोटोग्राफरों ने भाग लेकर आधुनिक कैमरा लेंस तकनीकों और फोटोग्राफी के बदलते स्वरूप की जानकारी प्राप्त की।

कार्यशाला में कंपनी के मेंटर अनूप गुहा ने Tamron के नवीनतम कैमरा लेंसों की विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आधुनिक फोटोग्राफी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए लेंसों में बेहतर ऑटोफोकस तकनीक, उच्च गुणवत्ता वाली इमेज शार्पनेस, कम रोशनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन, हल्का वजन तथा वीडियो और प्रोफेशनल फोटोग्राफी के लिए उन्नत फीचर्स उपलब्ध कराए गए हैं।

उन्होंने कहा कि बदलती तकनीक के साथ नए उपकरणों का सही उपयोग फोटोग्राफरों की कार्यक्षमता और रचनात्मकता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है। वर्कशॉप के दौरान लाइव डेमो के माध्यम से प्रतिभागियों को नए Tamron लेंसों का व्यावहारिक अनुभव भी कराया गया।
विशेषज्ञों ने वेडिंग, पोर्ट्रेट, वाइल्ड लाइफ, इवेंट और सिनेमैटिक फोटोग्राफी में इन लेंसों के उपयोग एवं लाभों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान फोटोग्राफरों ने नई तकनीकों से जुड़े अपने सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से समाधान किया गया।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य फोटोग्राफरों को समय-समय पर आधुनिक तकनीकों एवं नए उपकरणों की जानकारी उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है।

कार्यक्रम में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष संजीव वर्मा, कोषाध्यक्ष संजय शर्मा, महासचिव शुभाशीष जोशी, सह सचिव प्रांजल टंडन सहित विक्की चंद्र, उपेंद्र राघव, विक्की मणिनाथ, कृष्ण कुमार, राजेश चंद्र, कुलदीप राठौर, प्रेम कुमार, अरविंद पटेल, अंकुर शर्मा तथा शहर के अनेक वरिष्ठ एवं युवा फोटोग्राफर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने कार्यशाला की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे तकनीकी आयोजनों के निरंतर आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।



