State NewsUttar Pradesh

राम राजा मंदिर में रामायण की कथाओं की प्रस्तुति से जीवंत हुई ओरछा की सांस्कृतिक विरासत

तीन दिवसीय रामलीला में 32 कलाकारों ने किया रामायण के प्रमुख प्रसंगों का मंचन, मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड और सभ्यता फाउंडेशन की संयुक्त पहल

ओरछा, नवंबर 2026। मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगर ओरछा स्थित राम राजा मंदिर में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय रामलीला का आयोजन किया गया। सभ्यता फाउंडेशन और मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में शुभ प्रवेश इवेंट्स रामलीला ग्रुप के 32 कलाकारों ने पारंपरिक नाट्य शैली में रामायण के प्रमुख प्रसंगों का मंचन किया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और देशभर से आए पर्यटकों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महेश केवट, ओरछा नगर परिषद अध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश पतेरिया, जनभागीदारी अध्यक्ष संजय नकीब, भाजपा जिला महामंत्री विवेक तोमर, जिलाधिकारी जमुना भिड़े और एसडीएम अशोक जैन उपस्थित रहे। सभ्यता फाउंडेशन के सीईओ पराग साहनी ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।

तीन दिनों तक चली रामलीला में रामायण की संपूर्ण कथा को प्रमुख प्रसंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। पहले दिन भगवान श्रीराम के जन्म, बाल लीलाओं और सीता स्वयंवर का मंचन हुआ। दूसरे दिन राम वनवास और माता सीता के हरण की घटनाओं को दर्शाया गया। वहीं अंतिम दिन भगवान हनुमान की लंका यात्रा, रावण के साथ युद्ध और रावण वध का मंचन किया गया।

राम राजा मंदिर में इस आयोजन का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रहा। यहां भगवान श्रीराम की पूजा राजा के रूप में की जाती है। ऐसे ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थल पर रामायण की कथाओं का मंचन ओरछा की परंपराओं और भारतीय नाट्य कला के संगम का माध्यम बना।

मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रवक्ता ने कहा कि ओरछा की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत इसे राज्य के महत्वपूर्ण हेरिटेज टूरिज्म केंद्रों में स्थान दिलाती है। इस तरह के आयोजन पर्यटकों को स्थानीय परंपराओं से जुड़ने का अवसर देते हैं और शहर की सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में मदद करते हैं।

वहीं, सभ्यता फाउंडेशन की एडवाइजरी बोर्ड की सह-अध्यक्ष अवंतिका डालमिया ने कहा कि ओरछा में फाउंडेशन की पहली सांस्कृतिक प्रस्तुति को लोगों से अच्छा प्रतिसाद मिला है। संस्था भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशेष पर्यटन अनुभव विकसित करने की दिशा में काम करेगी, ताकि पर्यटक ओरछा की विरासत को करीब से जान सकें।

इस आयोजन के साथ मध्य प्रदेश में सभ्यता फाउंडेशन की गतिविधियों की शुरुआत हुई है। भारत सरकार की ‘अडॉप्ट ए हेरिटेज 2.0’ पहल के तहत फाउंडेशन स्मारक सारथी के रूप में कार्य कर रहा है। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के साथ मिलकर संस्था ओरछा में आगे भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पर्यटन आधारित अनुभवों को विकसित करने की योजना पर काम करेगी।

इन पहलों का उद्देश्य ओरछा की स्थापत्य विरासत, आध्यात्मिक महत्व, स्थानीय परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को पर्यटकों के सामने नए तरीके से प्रस्तुत करना तथा शहर को एक प्रमुख हेरिटेज टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के प्रयासों को आगे बढ़ाना है।

Advertisements…..

Related Articles

Back to top button