State NewsUttar Pradesh

सड़क और पार्क का लोकार्पण, क्षेत्रवासियों ने किया पालिकाध्यक्ष का अभिनंदन

पीलीभीत। नगर पालिका परिषद पीलीभीत द्वारा वार्ड संख्या-8 में कराए गए सड़क एवं पार्क निर्माण कार्यों का लोकार्पण पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने फीता काटकर तथा शिलापट्ट का अनावरण कर किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।

नगर पालिका परिषद की ओर से हिना पैलेस से जावेद खान उस्मान नत्थू के मकान तक सीसी मार्ग का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा आवास विकास कॉलोनी में एडवोकेट अंशुल गौरव सिंह के मकान के निकट स्थित पार्क का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर पार्क का विकास किया गया है, वहां पहले लोग घरेलू कूड़ा डालते थे और पशुओं को बांधते थे। नगर पालिका द्वारा पार्क का पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कर उसे व्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया गया है। लोकार्पण के बाद पार्क को क्षेत्रवासियों के उपयोग हेतु समर्पित कर दिया गया।

लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने कहा कि नगर पालिका शहर के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करा रही है। नागरिकों को बेहतर सड़कें, स्वच्छ वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना पालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा एवं स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं पुरुषों ने भाग लिया तथा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की सराहना की। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने पालिका अध्यक्ष का माल्यार्पण कर सम्मान भी किया।

इस अवसर पर एडवोकेट अंशुल गौरव सिंह, सभासद विपिन गंगवार, राजू फौजी, निर्मल सिंह, अनस अंसारी, राजेंद्र भारती, शिवम श्रीवास्तव, सुरेश लोधी, चेतन गंगवार, जगन्नाथ लोधी, पंकज तिवारी, अरुण उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Advertisement….

Related Articles

Back to top button