National

रामनवमी पर इंदौर में बड़ा हादसा, मंदिर में बावड़ी की छत ढहने से गिरे कई श्रद्धालु; अब तक 8 लोगों को बचाया गया

रामनवमी के मौके पर इंदौर में एक बड़ा हादसा हो गया है। दरअसल, श्री बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में छत ढहने से कुछ श्रद्धालु बावड़ी में गिर गए, जिन्हें बचाने का कार्य जारी है। बताया जा रहा है कि अधिकारियों को इस बावड़ी की कोई जानकारी नहीं थी, हादसे के बाद उन्हें इसका पता चला है।


25 श्रद्धालु बावड़ी में गिरे


इंदौर के स्नेह नगर के पास पटेल नगर में श्री बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में रामनवमी के मौके पर भारी संख्या में लोग दर्शन के लिए आए थे। उसी दौरान बावड़ी के ऊपर की छत अचानक ढह गई और लगभग 25 लोग बावड़ी में गिर गए।
हवन के दौरान ढह गई छत
फिलहाल, घायल हुए लोगों को बचाने का काम जारी है। निगम अफसरों के मुताबिक, बावड़ी 40 फीट गहरी है, उस पर लोहे की जाली थी। इसकी चौड़ाई एक कमरे के बराबर है। लोहे की जाली पर स्लैब डालकर इसका निर्माण किया गया था। हवन के दौरान बावड़ी की छत पर ज्यादा लोगों के होने से जाली टूट गई और हादसा हो गया।



इस हादसे के तुरंत बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि तंग गलियां होने से राहत कार्य में थोड़ी परेशानी आ रही है। एंबुलेंस व 108 की गाड़ी निकलने में भी परेशानी हो रही है। बावड़ी में गिरे कुछ लोगों को जैसे-तैसे बाहर निकाला गया है। कलेक्टर और प्रशासन की टीम सूचना मिलते ही यहां पहुंच गए।
बावड़ी में लोगों को पहुंचाया जा रहा ऑक्सीजन
घटनास्थल की स्थिति काफी खराब है। हादसे का शिकार हुए लोगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि बावड़ी में से महिला और बच्ची समेत आठ लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। अन्य लोगों के लिए ऑक्सीजन सप्लाई की गई है। हादसे के बाद से ही लोगों में काफी आक्रोश है। अब तक कई बच्चे और महिलाएं बावड़ी में ही फंसे हुए हैं।

अधिकारियों से साथ संपर्क में सीएम चौहान


भोपाल में वरिष्ठ अफसरों ने सीएम शिवराज सिंह चौहान को इस घटना की जानकारी दी, जिसके बाद सीएम अधिकारियों के संपर्क में बने हुए हैं। बताया जा रहा हैं कि लगभग 45 इसमें गिरे थे, जिसमें ज्यादातर महिलाएं थीं।

Related Articles

Back to top button
Event Services