बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समितियां : प्रवीण कुमार

उझानी में ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के सदस्यों का क्षमता वर्धन कार्यक्रम आयोजित, सात गांवों के 41 सदस्यों ने लिया भाग
बदायूं। समग्र विकास संस्थान के तत्वावधान में क्राई – चाइल्ड राइट्स एंड यू के सहयोग से विकासखंड उझानी स्थित ब्लॉक सभागार में ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के सदस्यों का क्षमता वर्धन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दूदेनगर, बरीकानगला, छतुईया, सिरसौली, सरकी, मीरासराय एवं अल्लापुर भोगी गांवों के ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा, शिक्षक, अभिभावक एवं बच्चों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी (उझानी) प्रवीण कुमार ने कहा कि बच्चों से जुड़ी समस्याओं का समाधान केवल सरकारी विभागों के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए ग्राम स्तर पर सभी जिम्मेदार लोगों को मिलकर कार्य करना होगा। ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति बच्चों की समस्याओं की पहचान और उनके समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने समिति के सदस्यों से नियमित बैठकें आयोजित करने और पात्र बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संस्था अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा के साथ सुरक्षित वातावरण, समान अवसर और अपनी बात रखने का अधिकार भी जरूरी है। उन्होंने शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 की जानकारी देते हुए बताया कि 6 से 14 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार प्राप्त है।
उन्होंने ग्राम प्रधानों एवं समिति के सदस्यों से विद्यालय से बाहर रह रहे बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही गांवों में ग्राम सभा और ग्राम पंचायत की बैठकों के नियमित आयोजन पर जोर दिया।
कार्यक्रम में संस्था समन्वयक साक्षी शर्मा ने समिति के सदस्यों का क्षमता वर्धन किया और उन्हें बाल अधिकारों एवं संरक्षण से जुड़े दायित्वों की जानकारी दी।
इस अवसर पर संस्था के गौरव कुमार, कैलाश कुमार, पिंकी, उमराय सिंह एवं अयान सहित सातों गांवों के कुल 41 सदस्य उपस्थित रहे।
Advertisements….





