State NewsUttar Pradesh

नशामुक्त भारत के संकल्प के साथ गूंजा युवा संसद का मंच, राहुल भट्ट रहे प्रथम

बरेली। विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद एवं यूथ पार्लियामेंट 2027 के अंतर्गत माय भारत बरेली की ओर से गुरुवार को महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय सभागार में जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत’ रही। इसमें 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए तीन-तीन मिनट के वक्तव्य के माध्यम से नशामुक्ति और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद उपनिदेशक माय भारत पुष्पा सिंह ने कार्यक्रम के उद्देश्य और विषयवस्तु पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि श्रुति गंगवार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में अपनी ऊर्जा लगाएंगे। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

उपनिदेशक माय भारत पुष्पा सिंह ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया और संसदीय परंपराओं से जोड़ना है। युवा अपनी प्रतिभा और विचारों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने ‘नशा नाश की जड़ है भाई, इससे तौबा कर लो भाई’ और ‘सबका फैसला, आओ नशामुक्त भारत बनाएं’ जैसे संदेशों के माध्यम से नशामुक्त समाज का आह्वान किया। युवाओं ने कहा कि नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, संगीत, व्यापार और विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रो. एके सिंह, प्रो. आशुतोष प्रिया, डॉ. अनिल बिष्ट, डॉ. आभा त्रिवेदी और मोहम्मद अकरम खान शामिल रहे। वहीं यूथ आइकॉन एवं नेशनल यूथ पार्लियामेंट स्पीकर इनाम खान ने भी युवाओं को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में राहुल भट्ट ने प्रथम, अभय सिंह ने द्वितीय और शिवांश शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। जिला स्तर पर चयनित तीनों प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों की जानकारी देने के साथ देश के महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखने का मंच प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित एवं राज्य स्तरीय प्रशिक्षक अजय राज शर्मा ने किया। आयोजन में माय भारत वॉलंटियर आदित्य भारद्वाज, अनामिका, आकांक्षा, संगीता, आरती, विपिन, चमन प्रकाश, सेतपाल, आलोक पटेल, गजेंद्र, जसवंत सहित अन्य स्वयंसेवकों का सहयोग रहा।

Advertisements……

Related Articles

Back to top button