State NewsUttar Pradesh

33 किलो की माला, फूलों की बौछार और केक के साथ मना सूचना निदेशक विशाल सिंह का जन्मदिन

पत्रकारों एवं सूचना विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया भव्य अभिनंदन; विशाल सिंह बोले— पत्रकार और सूचना विभाग एक-दूसरे के पूरक हैं

कतील शेख ने बताया संवाद, संवेदनशीलता और कार्यक्षमता का बेहतर उदाहरण, अब्दुल वहीद बोले— उनके नेतृत्व में सूचना विभाग को मिली नई पहचान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सूचना निदेशक एवं आईएएस अधिकारी विशाल सिंह का जन्मदिन मंगलवार को सूचना निदेशालय में हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पत्रकारों, विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए भव्य अभिनंदन किया। समारोह में 33 किलो की विशाल माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। फूलों की बौछार और केक काटकर जन्मदिन का उत्सव मनाया गया।

राज्य मुख्यालय मान्यताप्राप्त पत्रकार एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार एवं सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। विशाल सिंह ने केक काटकर सभी का स्नेह स्वीकार किया और उपस्थित लोगों को मिठाई खिलाकर आभार व्यक्त किया।

एसोसिएशन के अध्यक्ष कतील शेख ने कहा कि सूचना निदेशक विशाल सिंह संवाद, संवेदनशीलता और कार्यक्षमता का बेहतर उदाहरण हैं। उनकी कार्यशैली में प्रशासनिक दक्षता के साथ सहज व्यवहार और पत्रकारों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण दिखाई देता है। उनके नेतृत्व में सूचना विभाग सरकार और मीडिया के बीच एक मजबूत एवं भरोसेमंद संवाद सेतु के रूप में अपनी भूमिका निभा रहा है।

एसोसिएशन के संरक्षक अब्दुल वहीद ने कहा कि विशाल सिंह के नेतृत्व में सूचना विभाग को नई पहचान मिली है। उनकी प्रशासनिक कार्यशैली में दक्षता के साथ मानवीय संवेदनशीलता भी दिखाई देती है। टीम को साथ लेकर चलने की उनकी क्षमता और पत्रकारों के हितों के प्रति सकारात्मक सोच सराहनीय है।

इस अवसर पर सूचना निदेशक विशाल सिंह ने सभी पत्रकारों, अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ सभी ने उनका जन्मदिन मनाया, वह उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा, “पत्रकार और सूचना विभाग एक-दूसरे के पूरक हैं।” सूचना विभाग का मूल उद्देश्य शासन की नीतियों, योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की सही एवं तथ्यपरक जानकारी आमजन तक पहुंचाना है, जिसमें पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि मीडिया के साथ बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और संवाद बनाए रखना विभाग की प्राथमिकता है। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम भावना ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। सभी के सहयोग से जनहित से जुड़े कार्यों को और प्रभावी बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों के साथ सहायक निदेशक जे.पी. सिंह, चंद्र मोहन, सतीश भारती, लेखाधिकारी संजय सिंह, परशुराम मौर्य, राजीव सिंह, चंद्र विजय वर्मा, कपिल सिंह, अशोक सिंह, संदीप ओझा, दीपक बाजपेई, अनिल सिंह, राहुल, मनोज यादव और अखिलेश मौर्य सहित सूचना विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

समारोह में पत्रकारों और विभागीय कर्मियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। यह आयोजन केवल जन्मदिन का उत्सव नहीं, बल्कि प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय, आपसी विश्वास और सकारात्मक संवाद का प्रतीक भी बना।

Advertisements….

Related Articles

Back to top button