बारावफात को लेकर बारादरी क्षेत्र में एसपी सिटी ने किया रूट मार्च

बरेली। आगामी बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए बरेली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बुधवार को एसपी सिटी मानुष पारीक ने थाना बारादरी क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ रूट मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
रूट मार्च जगतपुर तिराहा से शुरू होकर कंकरटोला, शहदाना, सैलानी, मीरा की पैठ और रवि की आटा चक्की होते हुए जगतपुर चौकी तक निकाला गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों और प्रस्तावित जुलूस मार्ग का पैदल निरीक्षण किया।
एसपी सिटी ने पुलिसकर्मियों को लगातार गश्त और निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्थानीय लोगों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
गौरतलब है कि 18 अगस्त को एसपी सिटी ने थाना बारादरी परिसर में अंजुमन सदर और जुलूस आयोजकों के साथ बैठक कर जुलूस मार्ग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के मानकों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।
रूट मार्च में एएसपी शिवम आशुतोष सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह समेत बारादरी थाना पुलिस बल मौजूद रहा।
Advertisement……





