State NewsTour & TravelUttar Pradesh

बनारसी साड़ी से काशी की विरासत तक, 50 महिला उद्यमी तलाशेंगी कारोबार की नई संभावनाएं

7 से 9 अक्टूबर तक काशी-सारनाथ यात्रा, घाट, मंदिर, हथकरघा और खानपान से रूबरू होंगी महिला उद्यमी

लखनऊ/वाराणसी, 6 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ‘विजिट माय स्टेट’ अभियान के तहत करीब 50 महिला उद्यमियों, निवेशकों और डिजिटल क्रिएटर्स को 7 से 9 अक्टूबर तक लखनऊ से वाराणसी और सारनाथ की तीन दिवसीय यात्रा पर ले जा रहा है। फिक्की फ्लो के सहयोग से आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य काशी की संस्कृति, धार्मिक विरासत, बनारसी बुनकरी, खानपान और पर्यटन संभावनाओं को नए कारोबारी दृष्टिकोण से समझना है।

यात्रा के दौरान प्रतिभागी काशी विश्वनाथ मंदिर, गंगा आरती, सूर्योदय के समय नौका भ्रमण, रामनगर किला और स्थानीय खानपान का अनुभव लेंगी। साथ ही बुनकरों और हथकरघा उद्यमियों से मुलाकात कर बनारसी साड़ी की डिजाइन, बुनाई, जरी, फिनिशिंग और बाजार तक पहुंच की प्रक्रिया को करीब से समझेंगी।

‘साड़ी बैक इन फैशन’ पहल के तहत बनारसी साड़ी को आधुनिक पहनावे, फैशन, डिजाइन और डिजिटल मार्केटिंग से जोड़ने पर भी चर्चा होगी। इसका उद्देश्य पारंपरिक हथकरघा उत्पादों के लिए नए बाजार और ग्राहकों तक पहुंच बढ़ाना है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ‘विजिट माय स्टेट’ अभियान के माध्यम से पर्यटन को स्थानीय कारीगरों, बुनकरों, नाविकों, गाइड, खानपान कारोबारियों और युवाओं की आजीविका से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने कहा कि पर्यटन स्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव उन्हें प्रभावी ढंग से प्रचारित करने में मदद करता है। काशी यात्रा के जरिए खानपान, हस्तशिल्प, आध्यात्मिक और बौद्ध विरासत को एक साथ समझने का अवसर मिलेगा।

Advertisements….

Related Articles

Back to top button