श्री राज कुमार अग्रवाल मेमोरियल इंटर-स्कूल वॉलीबॉल टूर्नामेंट में विद्या वर्ल्ड स्कूल का शानदार प्रदर्शन

बरेली, 5 अक्टूबर। विद्या वर्ल्ड स्कूल, बरेली के तत्वावधान में जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित श्री राज कुमार अग्रवाल मेमोरियल इंटर-स्कूल वॉलीबॉल टूर्नामेंट-2026 के अंतिम दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। Volleyball News 5 oct. 26

सीनियर बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में सेकेंड हार्ट्स कॉन्वेंट स्कूल, टीपी नगर और विद्या वर्ल्ड स्कूल के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। विद्या वर्ल्ड स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25-24, 25-20 और 25-17 के अंतर से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। सेकेंड हार्ट्स कॉन्वेंट स्कूल की टीम उपविजेता रही।

सीनियर बालिका वर्ग में विद्या वर्ल्ड स्कूल की टीम का मुकाबला अमीना पब्लिक स्कूल की टीम से हुआ। मुकाबले में अमीना पब्लिक स्कूल की टीम ने 25-20 और 25-18 के स्कोर से जीत हासिल की, जबकि विद्या वर्ल्ड स्कूल की टीम उपविजेता रही।

जूनियर बालक वर्ग में रोहिल इंटरनेशनल स्कूल और विद्या वर्ल्ड स्कूल के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। विद्या वर्ल्ड स्कूल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 25-14 और 25-20 के स्कोर से मुकाबला जीत लिया। रोहिल इंटरनेशनल स्कूल की टीम उपविजेता रही।

जूनियर बालिका वर्ग में जवाहर नवोदय विद्यालय की टीम का मुकाबला विद्या वर्ल्ड स्कूल की टीम से हुआ। मुकाबले में जवाहर नवोदय विद्यालय की टीम ने जीत दर्ज की, जबकि विद्या वर्ल्ड स्कूल की टीम उपविजेता रही।

विजेता टीमों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित
समापन समारोह में विद्यालय के प्रबंध निदेशक रवि प्रकाश अग्रवाल ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। सीनियर बालक वर्ग की विजेता टीम को 11,000 रुपये, जबकि उपविजेता टीम को 7,500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग की विजेता टीमों को 8,500 रुपये तथा उपविजेता टीमों को 5,500 रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। खिलाड़ियों से अपील की गई कि वे जीत-हार से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ें और अपने विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंध निदेशक रवि प्रकाश अग्रवाल, उप-प्राचार्य डॉ. संगीता देवी, अध्यक्ष जिला वॉलीबॉल संघ बरेली, श्री उपेंद्र बहादुर सिंह, मोहम्मद उजैर तथा विद्यालय के खेल प्रशिक्षक सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Advertisements……





