पार्टनर देशों के प्रतिनिधियों से सीएम योगी की राउंड टेबल बैठक, निवेश का दिया न्योता

ग्रेटर नोएडा, 25 सितंबर। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2026) के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पार्टनर देशों के प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय राउंड टेबल बैठक की। बैठक में उत्तर प्रदेश में निवेश, कारोबार विस्तार, तकनीकी सहयोग और विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में संयुक्त अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में सिंगापुर, वियतनाम, रूस, बेलारूस, जापान और ऑस्ट्रिया के प्रतिनिधिमंडल शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने इन देशों के प्रतिनिधियों के सामने प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश नीतियों और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं को रखा। उन्होंने मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, डिफेंस, फार्मा, मेडिकल डिवाइस, कृषि, भारी मशीनरी और वुड टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य होने के साथ एक बड़ा बाजार भी है। यहां युवा मानव संसाधन, उपजाऊ भूमि और पर्याप्त जल संसाधन उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि इन विशेषताओं के कारण प्रदेश में निवेश और कारोबार के विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं।

रूस के साथ डिफेंस और मेडिकल सेक्टर पर जोर
रूसी प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा में मुख्यमंत्री ने डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, फार्मास्यूटिकल्स और मेडिकल डिवाइस के क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं सामने रखीं। उन्होंने रूसी कंपनियों को कानपुर स्थित उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में निवेश का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने लखनऊ में ब्रह्मोस निर्माण इकाई और उत्तर प्रदेश में एके-203 राइफलों के उत्पादन का भी उल्लेख किया।
उन्होंने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास विकसित हो रहे मेडिकल डिवाइस पार्क तथा बुंदेलखंड और ललितपुर के बल्क ड्रग पार्क में रूसी कंपनियों को निवेश और रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर स्थापित करने के अवसरों की जानकारी दी।
बेलारूस से आधुनिक मशीनरी और कृषि तकनीक पर चर्चा
बेलारूस के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने एडवांस एवं हेवी मशीनरी तथा ट्रैक्टर निर्माण कंपनियों को उत्तर प्रदेश में असेंबलिंग और विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया। कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और मशीनरी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए सहारनपुर और बिजनौर के लकड़ी आधारित उत्पादों के लिए आधुनिक वुड टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल की संभावनाएं भी सामने रखीं।
वियतनाम, सिंगापुर, जापान और ऑस्ट्रिया से भी सहयोग पर चर्चा
वियतनामी प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री ने विनिर्माण और व्यापार के साथ-साथ सीधी हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने लखनऊ, वाराणसी और नोएडा को हनोई से जोड़ने वाली सीधी उड़ानों की संभावनाओं का भी उल्लेख किया।
सिंगापुर के साथ प्रस्तावित सिंगापुर सिटी परियोजना पर भी चर्चा हुई। जापान के प्रतिनिधियों के साथ आर्थिक एवं सांस्कृतिक सहयोग को आगे बढ़ाने और ऑस्ट्रिया की कंपनियों के साथ क्लीन-टेक तथा प्रिसिजन इंजीनियरिंग के क्षेत्र में संयुक्त अवसर तलाशने पर बातचीत हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकसित हो रहा औद्योगिक और बुनियादी ढांचा विदेशी कंपनियों के लिए उत्पादन, तकनीकी सहयोग और निर्यात के नए अवसर उपलब्ध करा रहा है। UPITS-2026 के माध्यम से प्रदेश सरकार वैश्विक कंपनियों और उत्तर प्रदेश के उद्योग जगत के बीच सीधे कारोबारी संपर्क को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है।
Advertisements……





