Uncategorized

नियुक्ति पत्र पाकर खिले चयनित शिक्षकों के चेहरे, बोले- पारदर्शी प्रक्रिया से मिला रोजगार

लखनऊ, 22 सितंबर। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग से चयनित अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों नियुक्ति पत्र मिलने पर उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। चयनित शिक्षकों ने निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित चयन प्रक्रिया के लिए प्रदेश सरकार की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। अभ्यर्थियों ने कहा कि पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से उन्हें रोजगार का अवसर मिला है।

महिलाओं को बिना भेदभाव मिल रहे रोजगार के अवसर: आंचल शुक्ला

आंचल शुक्ला का चयन वाराणसी के अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज टाउनहॉल में कला विषय के प्रवक्ता (पीजीटी) पद पर हुआ है। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि उनका एक बड़ा सपना पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बिना भेदभाव रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी भागीदारी बढ़ रही है। आंचल ने महिला सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।

2005 से कर रही थीं प्रयास, अब मिला नियुक्ति पत्र

ममता मौर्या का चयन टीजीटी संस्कृत के पद पर हुआ है। उन्होंने बताया कि एमए की पढ़ाई पूरी करने के बाद वर्ष 2005 से वह इस अवसर के लिए प्रयास कर रही थीं। उन्होंने कहा कि पूर्व में कई बार परीक्षाएं रद्द होने या परिणाम में देरी के कारण अभ्यर्थियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था। ममता ने कहा कि इस बार चयन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही उन्हें नियुक्ति पत्र भी मिल गया, जिससे वह बेहद खुश हैं।

बिना रिश्वत पारदर्शी तरीके से रोजगार का अवसर: शिवम बरनवाल

मऊ निवासी शिवम बरनवाल का चयन टीजीटी गणित के पद पर हुआ है। नियुक्ति पत्र मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी हुई। उन्होंने रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार की सराहना की।

पूर्व की अव्यवस्था खत्म होने का दावा

गोपाल प्रजापति का चयन श्री वैष्णव हरिहर दास इंटर कॉलेज, आजमगढ़ में प्रवक्ता (पीजीटी) रसायन विज्ञान के पद पर हुआ है। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलने से उनका पूरा परिवार उत्साहित है। गोपाल ने कहा कि चयन प्रक्रिया में तेजी और पारदर्शिता से युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

निष्ठा से जिम्मेदारी निभाने का संकल्प

कुमारी ऊषा सिंह का चयन पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज, गोरखपुर में गृह विज्ञान सहायक अध्यापक (टीजीटी) के पद पर हुआ है। उन्होंने नियुक्ति पत्र मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह अपने सेवाकाल में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन करेंगी। उन्होंने चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से पूरा किए जाने की बात कही।

हजारों अभ्यर्थियों को मिला लाभ: शिव प्रसाद मिश्रा

अमेठी के शिव प्रसाद मिश्रा का चयन टीजीटी संस्कृत के पद पर हुआ है। उन्होंने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की चयन प्रक्रिया की सराहना करते हुए कहा कि प्रक्रिया को त्वरित गति से पूरा किए जाने से हजारों अभ्यर्थियों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों से अपेक्षित ईमानदारी और निष्ठा के साथ वह अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

नियुक्ति पत्र मिलने के बाद चयनित अभ्यर्थियों ने अपने परिवारों के साथ खुशी साझा की और नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने की बात कही।

Advertisements…..

Related Articles

Back to top button