इंसानियत वेलफेयर सोसाइटी ने पेश की इंसानियत की मिसाल

सैंता गांव में इंडिया हॉस्पिटल का मेगा मेडिकल कैंप, सैकड़ों ग्रामीणों ने उठाया मुफ्त इलाज का लाभ
लखनऊ/उन्नाव। इंसानियत वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित इंडिया हॉस्पिटल, आलमनगर (लखनऊ) के तत्वावधान में रविवार को तहसील शफीपुर के सैंता गांव में मेगा मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने पहुंचकर मुफ्त स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और निशुल्क दवाओं का लाभ उठाया।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की स्वास्थ्य जांच
मेडिकल कैंप में स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ और जनरल फिजिशियन ने मरीजों की जांच की। शिविर में ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और आंखों की जांच के साथ मोतियाबिंद, नजर की कमजोरी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच भी निःशुल्क की गई।
ग्रामीणों ने अपनी स्वास्थ्य समस्याएं विशेषज्ञ चिकित्सकों को बताईं। डॉक्टरों ने आवश्यक परामर्श देने के साथ मरीजों को निशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराईं। ग्रामीणों ने इस पहल को जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

ग्रामीणों के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
मेगा मेडिकल कैंप को सफल बनाने में गांव के जनाब बरकत अली, जनाब सदाक़त अली उर्फ बदलू भाई, जनाब अर्जुन लाल दिवाकर (ब्लॉक प्रमुख, बांगरमऊ), मेराज भाई और फहीमुद्दीन भाई का विशेष योगदान रहा।
उन्होंने गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को मेडिकल कैंप की जानकारी दी और मेडिकल टीम के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराईं। इसके चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर तक पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
इंडिया हॉस्पिटल की मेडिकल टीम रही मौजूद
इंडिया हॉस्पिटल, आलमनगर से आई मेडिकल टीम में डॉ. एस. खान, डॉ. उजमा, डॉ. मोअज्जम, सोमी, आकांक्षा, सऊद और वसीफ शामिल रहे। वहीं प्रबंधन टीम में जसबीर गांधी और नौशाद अली ने शिविर की व्यवस्थाओं और संचालन की जिम्मेदारी संभाली।

जनसेवा के लिए कुदरत उल्ला खान की सराहना
शिविर के दौरान इंसानियत वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष जनाब कुदरत उल्ला खान की जनसेवा के प्रति समर्पित कार्यशैली की सराहना की गई। सोसाइटी की ओर से दूर-दराज के क्षेत्रों में लगातार निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित कर जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने इंसानियत वेलफेयर सोसाइटी और इंडिया हॉस्पिटल की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई।
Advertisements…..





