‘दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी’ में जादुई ट्विस्ट, नए किरदारों की धमाकेदार एंट्री

रिद्धि शर्मा और अनफ खत्री बने शो का हिस्सा, कहानी में बढ़ेगा रोमांच और मस्ती
टीवी शो ‘दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी’ में दर्शकों के लिए एक नया और दिलचस्प मोड़ आने वाला है। सन नियो पर प्रसारित होने वाले इस लोकप्रिय शो में अब जादू और रोमांच का तड़का और भी बढ़ने जा रहा है। जल्द ही कहानी में दो नए किरदारों की एंट्री होगी, जो दर्शकों को मनोरंजन का नया अनुभव देंगे।
चाइल्ड आर्टिस्ट रिद्धि शर्मा और अनफ खत्री क्रमशः शुद्धि और जीनू के किरदार में नजर आएँगे। उम्र में छोटे होने के बावजूद इन दोनों किरदारों की भूमिका कहानी में बेहद खास और प्रभावशाली होगी।
रिद्धि शर्मा ने अपने किरदार के बारे में बताया कि शुद्धि एक खास और समझदार बच्ची है, जिसे सफाई बेहद पसंद है। उसकी जादुई चोटी खतरे का आभास होते ही खड़ी हो जाती है और बुरे लोगों का पता लगा लेती है। इसके अलावा उसका छोटा झाड़ू भी किसी सुपरहीरो के गैजेट जैसा काम करता है। रिद्धि के अनुसार, यह किरदार उन्हें एक छोटी डिटेक्टिव और सुपरहीरो जैसा महसूस कराता है।
वहीं, अनफ खत्री ने अपने किरदार जीनू को क्यूट, मजेदार और जादुई बताया। जीनू इंसानों की दुनिया को पूरी तरह नहीं समझ पाता, जिसके चलते वह अक्सर मजेदार स्थितियाँ पैदा करता है। कभी उसका जादू गड़बड़ा जाता है तो कभी उसकी बातें सभी को हँसा देती हैं। अनफ का कहना है कि इस किरदार को निभाना उनके लिए बेहद रोमांचक अनुभव होगा।
अब तक शो में दर्शकों ने सप्पू और तारा को अपनी जादुई शक्तियों की खोज करते हुए देखा है। शुद्धि और जीनू की एंट्री के बाद कहानी और भी विस्तृत और रोमांचक हो जाएगी। चारों मिलकर बुराई के खिलाफ लड़ेंगे और दुनिया को बचाने की कोशिश करेंगे।
प्रसारण विवरण:
‘दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी’ का प्रसारण हर सोमवार से शनिवार, शाम 7:30 बजे, सिर्फ सन नियो पर किया जाता है।




