State NewsTour & TravelUttar Pradesh

दीपोत्सव में 2,100 ड्रोन से जगमगाएगा अयोध्या का आसमान

7 और 8 नवंबर को आयोजित होगा भव्य ड्रोन शो, राम दरबार, पुष्पक विमान और रावण वध के दिखेंगे आकर्षक दृश्य

लखनऊ, 31 अक्टूबर। अयोध्या में दीपोत्सव-2026 को और भव्य एवं यादगार बनाने के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग विशेष एरियल ड्रोन शो आयोजित करेगा। 7 और 8 नवंबर को 2,100 स्वदेश निर्मित ड्रोन के माध्यम से रामनगरी के आसमान में रामायण के प्रमुख प्रसंगों को जीवंत किया जाएगा। करीब 15 मिनट के इस शो में कम से कम 15 आकर्षक ड्रोन फॉर्मेशन प्रदर्शित किए जाएंगे। इनमें आधे से अधिक आकृतियां पिछले वर्ष की प्रस्तुति से बिल्कुल अलग होंगी।

ड्रोन शो में वीर मुद्रा में प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान, रावण वध, पुष्पक विमान, राम दरबार, राम मंदिर तथा महर्षि वाल्मीकि और गोस्वामी तुलसीदास के चित्रात्मक दृश्य आसमान में उभरेंगे। इसके अलावा दीपोत्सव, उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग के लोगो भी प्रदर्शित किए जाएंगे। संगीत, वॉयस ओवर और संगीतमय नैरेशन के जरिए रामायण की गाथा को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रत्येक वर्ष अयोध्या के दीपोत्सव को नई भव्यता प्रदान की जा रही है। इस बार 2,100 ड्रोन के माध्यम से रामायण के प्रमुख पात्रों और प्रसंगों को आकाश में साकार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ड्रोन शो में आधुनिक तकनीक, संगीत और प्रकाश प्रभावों का ऐसा समन्वय होगा, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यादगार अनुभव बनेगा।

तीन वर्षों में चार गुना से अधिक हुई ड्रोन की संख्या

दीपोत्सव में ड्रोन शो की लोकप्रियता को देखते हुए हर वर्ष इसकी भव्यता बढ़ाई जा रही है। वर्ष 2024 में 500 ड्रोन और वर्ष 2025 में 1,100 ड्रोन के माध्यम से एरियल शो आयोजित किया गया था। इस बार इनकी संख्या बढ़ाकर 2,100 कर दी गई है। इससे रामनगरी के आसमान में पहले से अधिक भव्य और आकर्षक दृश्य देखने को मिलेंगे।

अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने कहा कि दीपोत्सव-2026 में आधुनिक तकनीक और भारतीय परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। स्वदेश निर्मित ड्रोन, नए फॉर्मेशन, संगीत, वॉयस ओवर और प्रकाश प्रभावों के जरिए रामायण के प्रसंगों को जीवंत किया जाएगा। विभाग का प्रयास है कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक दीपोत्सव की भव्यता के साथ एक अविस्मरणीय अनुभव लेकर लौटें।

Advertisements……

Related Articles

Back to top button