हनुमान जन्मोत्सव पर मंदिर में भव्य आयोजन

51 किलो लड्डू का भोग, केसरिया गुब्बारों से सजा मंदिर
लखनऊ। शहर के लेटे हुए हनुमान जी मंदिर में श्री हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर को केसरिया गुब्बारों से आकर्षक रूप से सजाया गया,
जिससे पूरे परिसर में उत्सव का माहौल नजर आया।कार्यक्रम के दौरान हनुमान जी को 51 किलो लड्डू का विशेष भोग लगाया गया। सुबह भगवान का सिंदूर चढ़ाकर लंगोट वाला विशिष्ट श्रृंगार किया गया। इसके बाद ट्रस्ट के मुख्य सेवादार डॉ. विवेक तांगड़ी (गुरु जी) द्वारा भव्य महाआरती की गई।हनुमान जी की बाल स्वरूप लेटी हुई अष्टधातु की प्रतिमा का पंचामृत से सामूहिक अभिषेक भी कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

दोपहर में भजन गायक शशांक जी द्वारा सुंदरकांड का पाठ किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।मंदिर में आए हजारों भक्तों ने हनुमान जी को चोला चढ़ाया और प्रसाद अर्पित किया।

आयोजन के दौरान भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम के समय भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया।

इस अवसर पर ट्रस्ट के सेवादार डॉ. पंकज सिंह भदौरिया, रिद्धि किशोर गौड़, आशीष अग्रवाल, अखिलेश कुमार, सुरेंद्र सूदन, अजय मेहरोत्रा, प्रहलाद अग्रवाल एवं लवलीन खोसला सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।हनुमान जन्मोत्सव भगवान राम के परम भक्त हनुमान जी की जन्मतिथि के रूप में मनाया जाने वाला पवित्र पर्व है, जिसे श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के साथ पूरे देश में मनाया जाता है।




