सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने 1,000 छात्रों को फ्यूचर-टेक स्किल्स में किया प्रमाणित

लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय रहे मौजूद, राज्य में कुल संख्या पहुंची 4,900
सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने अपने स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम सैमसंग इनोवेशन कैंपस के तहत उत्तर प्रदेश में 1,000 छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), कोडिंग एवं प्रोग्रामिंग और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) में प्रमाणित किया।
यह कार्यक्रम ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में आयोजित किया गया, जिसमें राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस उपलब्धि के साथ उत्तर प्रदेश में सैमसंग इनोवेशन कैंपस के तहत प्रमाणित छात्रों की कुल संख्या बढ़कर 4,900 हो गई है, जिससे राज्य देश के प्रमुख स्किल ट्रेनिंग केंद्रों में शामिल हो गया है।
इस बैच में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, गवर्नमेंट गर्ल्स पॉलिटेक्निक और डॉ. अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी फॉर दिव्यांगजन के छात्र शामिल रहे। इनमें 600 छात्रों को AI, 300 को कोडिंग एवं प्रोग्रामिंग और 100 को IoT में प्रशिक्षण दिया गया।
भारत में वर्ष 2022 में शुरू हुआ सैमसंग इनोवेशन कैंपस तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ सॉफ्ट स्किल्स और प्लेसमेंट सपोर्ट भी प्रदान करता है, जिससे छात्र उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार हो सकें।
सैमसंग साउथवेस्ट एशिया के सीएसआर एवं कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस प्रमुख शुभम मुखर्जी ने कहा कि यह पहल युवाओं को वैश्विक डिजिटल अर्थव्यवस्था के लिए तैयार कर रही है। वहीं, योगेंद्र उपाध्याय ने इसे रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
देशभर में इस कार्यक्रम में लगभग 45 प्रतिशत महिला भागीदारी दर्ज की गई है। सैमसंग का लक्ष्य 20,000 युवाओं को प्रशिक्षित कर भारत के डिजिटल स्किलिंग इकोसिस्टम को और मजबूत बनाना है।




