पटेल जयंती पर 66 मेधावी विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, चार छात्रों को मिले पांच-पांच हजार रुपये

बरेली। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को कुर्मी क्षत्रिय सभा की ओर से ब्रह्मपुरा स्थित सरदार पटेल स्मारक कुर्मी क्षत्रिय छात्रावास में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, सामाजिक एकता और संगठन की मजबूती का संदेश दिया गया। इस दौरान 66 मेधावी विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। इनमें यूपी बोर्ड के 18, सीबीएसई के 34, स्नातक स्तर के पांच विद्यार्थी और समाज के नौ वरिष्ठ नागरिक शामिल रहे। वहीं चार मेधावी विद्यार्थियों को पांच-पांच हजार रुपये की विशेष पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
समारोह में राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार, पूर्व विधायक छोटेलाल गंगवार, नवाबगंज विधायक एमपी आर्य, नरेंद्र पाल सिंह, योगेश पटेल, कृष्ण गोपाल गंगवार, सीएल गंगवार, कर्नल पुरुषोत्तम सिंह, एडवोकेट चंचल गंगवार, बीपी सिंह, डीपी गंगवार और अतुल गंगवार सहित समाज की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
चार मेधावियों को पांच-पांच हजार रुपये का पुरस्कार
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा में 99.6 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली सुरेश शर्मा नगर निवासी मानवी पटेल और हाईस्कूल में 97.66 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली कर्मचारी नगर निवासी प्रभा को पांच-पांच हजार रुपये दिए गए। वहीं यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट में 82 प्रतिशत अंक पाने वाले गौरव गंगवार और हाईस्कूल में 95 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली हर्षिता पटेल को भी पांच-पांच हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। चारों विद्यार्थियों को कुल 20 हजार रुपये दिए गए।
यूपी बोर्ड के 18 और सीबीएसई के 34 विद्यार्थियों को मिला सम्मान
समारोह में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 18 और सीबीएसई के 34 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। स्नातक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच विद्यार्थियों को भी सम्मान मिला। आयोजकों ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान करने का उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाना और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना है।
शिक्षा और एकता से मजबूत होगा समाज: श्रुति गंगवार
राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकजुट करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनके विचार आज भी समाज और राष्ट्र को एकता के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार शिक्षा है। प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करने के साथ नई पीढ़ी को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।
संगठन और सामाजिक उत्थान के लिए काम करती रहेगी सभा: केपी सेन गंगवार
कुर्मी क्षत्रिय सभा के जिलाध्यक्ष एडवोकेट केपी सेन गंगवार ने कहा कि सभा का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित करने के साथ शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान इसलिए किया जाता है, ताकि अन्य बच्चे भी उनसे प्रेरणा लेकर बेहतर प्रदर्शन करें। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को समाज की धरोहर बताते हुए कहा कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने की सीख मिलती है। सभा भविष्य में भी शिक्षा और सामाजिक उत्थान के लिए ऐसे आयोजन करती रहेगी।
नौ वरिष्ठ नागरिकों को भी किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में वेदराज, लालता प्रसाद, रामश्री वर्मा, रघुनंदन प्रसाद, सावित्री, सोहनलाल, सतीश चंद्र और रामचरन लाल सहित समाज के नौ वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पटेल स्मारिका के 25वें संस्करण का विमोचन भी किया गया। समारोह की शुरुआत सुबह 10:30 बजे अतिथियों के स्वागत के साथ हुई।
कार्यकारिणी सदस्यों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
कार्यक्रम का आयोजन जिलाध्यक्ष एडवोकेट केपी सेन गंगवार के नेतृत्व में किया गया। इसमें उपाध्यक्ष रघुवीर सिंह गंगवार, प्रेम शंकर गंगवार, छत्रपाल सिंह गंगवार, महामंत्री रामऔतार गंगवार, आरसी लाल, मूलचंद गंगवार, कोषाध्यक्ष आलोक गंगवार, ऑडिटर एडवोकेट मनोज बाबू गंगवार और मीडिया प्रभारी देश दीपक गंगवार सहित कार्यकारिणी के सदस्यों की अहम भूमिका रही।
इस मौके पर अरविंद पटेल, विद्याराम गंगवार, ओमकार गंगवार, एडवोकेट मुनेन्द्र सिंह गंगवार, राजेश गंगवार, डॉ. उग्र सेन गंगवार, युधिष्ठिर प्रसाद गंगवार, कृष्ण पाल सिंह, अमित गंगवार, खेमेन्द्र पाल सिंह, वीरेश कुमार गंगवार, शक्ति सिंह राठौर, तेज पाल गंगवार, भानु प्रताप गंगवार, मनोहर लाल गंगवार, प्रमोद कुमार सिंह, भद्र पाल गंगवार और महेश चन्द्र पटेल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
Advertisements……..





