Entertainment

रामानंद सागर की रामायण में लक्ष्मण का किरदार निभाकर लोकप्रिय हुए सुनील लहरी ने बदला अपना लुक, यूज़र्स ने कही ये बड़ी बात

रामानंद सागर की रामायण में लक्ष्मण का किरदार निभाकर लोकप्रिय हुए सुनील लहरी धारावाहिक के पुन: प्रसारण के बाद से सोशल मीडिया में काफ़ी सक्रिय हो गये हैं। ख़ासकर, इंस्टाग्राम पर सुनील निरंतर फैंस और फॉलोअर्स के साथ संवाद स्थापित करते रहते हैं। कभी तस्वीरें शेयर करते हैं तो कभी दिलचस्प क़िस्से शेयर करते हैं। सुनील ने अब अपना लुक बदला है और बाल लम्बे कर लिये हैं, जिस पर फैंस की मज़ेदार प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। 

इन तस्वीरों में सुनील के लम्बे-लम्बे बाल और चेहरे पर दाढ़ी-मूंछ है। इस नये लुक में सुनील काफ़ी अलग दिख रहे हैं। हालांकि, तस्वीरों से लगता है कि यह लुक किसी ख़ास मक़सद के लिए है। कोई रोल हो सकता है, जिसके लिए सुनील ऐसे नज़र आ रहे हैं। इन तस्वीरों को पोस्ट करके सुनील ने अपने फैंस से पूछा- प्लीज़, अपने विचार व्यक्त कीजिए, इस नये लुक के बारे में। फैंस ने इस लुक पर हैरानी जतायी, साथ ही तारीफ़ भी की। 

एक फैन ने लिखा- सर यह क्या हो गया, लेकिन आप क्यूट से हैंडसम और अब सुनील बाबा लग रहे हैं। एक अन्य फैन ने अनुमान लगाते हुए कहा कि यह लुक किसी फ़िल्म के लिए है। ज़रूर आप बाबा का रोल कर रहे हैं। कुछ फैन यह भी पूछ रहे हैं कि बाल असली हैं या विग लगी है। हालांकि, कुछ फैंस ने पुराने हेयरस्टाइल की तारीफ़ की। वहीं, एक फैन ने कमेंट किया- क्या माया है ये प्रभु। 

View this post on Instagram

A post shared by Sunil Lahri (@sunil_lahri)

इससे पहले सुनील ने एक पुरानी तस्वीर शेयर की थी, जिसके बारे में बताया था कि जो उन्हें कनाडा में मिले एक सम्मान की थी। सुनील ने इसके बारे में बताया था- एक ख़ूबसूरत पुरानी याद। कनाडा टोरंटो में रामायण स्टेज परफॉर्मेंस के बाद मुझे मेंबर ऑफ़ पार्लियामेंट कनाडा ने सम्मान प्रदान किया। यह मेरे लिए गर्व की बात थी। मेपल लीफ़, जो कनाडा के झंडे के ऊपर होती है। आप तस्वीर में दे रहे हैं। यह मेरे पास 20 साल से रखी हुई है। 

बता दें, रामायण धारावाहिक का प्रसारण अस्सी के दशक में दूरदर्शन के राष्ट्रीय चैनल पर हुआ था। यह धारावाहिक बेहद लोकप्रिय रहा था और इसके सभी कलाकारों को देशभर में ज़बरदस्त पहचान और सम्मान मिला था। राम का किरदार अरुण गोविल ने निभाया था। सीता के किरदार में दीपिका चिखलिया और रावण के रोल में अरविंद त्रिवेदी थे। पिछले साल लॉकडाउन में रामायण को दूरदर्शन पर दोबारा प्रसारित किया गया था।

Related Articles

Back to top button
Event Services