National

दिल्ली-एनसीआर में आगामी 21 जून तक लगातार बारिश होने के हैं आसार, IMD ने जारी किया अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते दिल्ली-एनसीआर के लोगों की शनिवार की सुबह की शुरुआत भी झमाझम बारिश के साथ हुई। बारिश का यह सिलसिला दिनभर जारी रहने के आसार हैं। इससे अधिकतम तापमान गिरेगा और गर्मी से राहत मिलेगी। फिलहाल दिल्ली-एनसीआर के आसमान में बादल छाए हुए हैं और कभी भी बारिश हो सकती है। 

मौसम विज्ञानियों ने शनिवार को दिन में कई बारिश होने की संभावना जताई है। उनका कहना है कि शनिवार को बारिश के चलते अधिकतम तापमान 35 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक पहुंच सकता है। गर्मी से जूझ रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए यह राहत की बात है।

वहीं, इससे पहले दिल्ली-एनसीआर में लोगों के लिए शुक्रवार की शुरुआत भी बेहद सुहावने मौसम के साथ हुई।  बृहस्पतिवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि से बारिश का सिलसिला शुरू हुआ, जो कई घंटे तक चला। दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा में बारिश से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है।

बारिश के कारण शुक्रवार को अधिकतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट के साथ 35 डिग्री देखने को मिली है। वहीं, न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया है।

वहीं, स्काईमेट वेदर के अध्यक्ष (मौसम विज्ञान) जीपी शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल, उत्तरी ओडिशा और इससे सटे बांग्लादेश के कुछ हिस्सों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनेगा और यह भारत-गंगा के मैदानी इलाकों में हवा के रूख को बदल देगा।

उन्होंने कहा कि यह चक्रवाती परिसंचरण सामान्य पूर्वी प्रवाह की शुरुआत करेगा जो उत्तर पश्चिम भारत की ओर मानसून की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है। मानसून एक दिन पहले या एक दिन बाद सामान्य तिथि (27 जून) के आसपास दिल्ली पहुंच जाएगा।”

वहीं, इससे पहले शुक्रवार को किस्तों में हुई वर्षा से यातायात भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ। मूसलाधार वर्षा के कारण लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई। जल भराव से वाहन चालक परेशान रहे और जगह-जगह जाम लगने की शिकायतें मिली। बृहस्पतिवार रात को शहर के सभी हिस्से में भारी वर्षा हुई,जिसकी वजह से प्रमुख मार्गों और कई अंडरपास में जलभराव की स्थिति बन गई। सबसे ज्यादा परेशानी नोएडा दिल्ली बार्डर का¨लदी कुंज, चिल्ला बार्डर और सेक्टर-62 अंडर अंडरपास के पास हुई।

वर्षा और जलभराव से यातायात काफी धीमे हो गया। वाहन रेंगते हुए दिखाई पड़े। सेक्टर-62 माडल टाउन अंडरपास में सुबह के समय पानी भरने से लोगों को जाम में फंसना पड़ा वहीं शाम के समय अंडरपास में ही एक ट्रक के खराब हो जाने के कारण लगे जाम से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम लगने के कारण नोएडा की ओर अंडरपास से करीब दो किलोमीटर पहले तक वाहनों की कतार लग गई। सुबह के समय छिजारसी से सेक्टर-62 माडल टाउन की ओर आने वाले रास्ते पर भी ट्रक खराब हो जाने के कारण जाम लगा।

सूचना पर पहुंचे यातायात पुलिसकर्मियों ने ट्रक को सड़क के किनारे करवाकर यातायात को सामान्य किया। साथ ही सेक्टर-18 अंडरपास, फ्लाईओवर, महामाया पुल व डीएनडी स्लिप रोड पर भी वाहनों के भारी दबाव के कारण जाम की स्थिति से वाहन चालकों को दो चार होना पड़ा। कई जगह पेड़ गिरने से भी यातायात अल्प समय के प्रभावित हुआ।

Related Articles

Back to top button
Event Services