CORPORATE

छत्तीसगढ़: चुनावी मिशन को लेकर काम कर रही भाजपा, पदाधिकारियों को मिली दुर्ग में भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी

छत्तीसगढ़ में भाजपा चुनावी मिशन को लेकर काम कर रही है। दिसंबर में भाजपा पहले से अधिक आक्रामक होगी। इसके लिए केंद्रीय योजनाओं का सहारा लिया जाएगा। पहली प्रधानमंत्री आवास योजना है। इसे लेकर भाजपा के प्रदेश प्रभारी से लेकर मोर्चा-प्रकोष्ठ सभी ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। इसी तरह जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री उज्जवला गैस योजना आदि को लेकर भाजपा राज्य सरकार को घेरने की रणनीति तय कर रही है।

भाजपा के रणनीतिकारों ने रायपुर और बिलासपुर के बाद इस बार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गृह जिले को भेदने का निर्णय लिया है। नए वर्ष में भाजपा नए कलेवर के साथ नजर आएगी। बिलासपुर में भाजपा की जिला कार्य समिति की बैठक में मंडल से लेकर बूथ स्तर तक पदाधिकारियों को दुर्ग में भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है।

इसलिए प्रधानमंत्री योजना पर पहला आंदोलन

भाजपा के पदाधिकारियों का कहना है कि केंद्र सरकार ने आवासहीन गरीब जनता को मकान दिलाने के लिए मोर मकान-मोर अधिकार के तहत 2022 तक करीब 18 लाख आवासहीन परिवारों को मकान देने का लक्ष्य रखा गया था। 12 लाख लोगों के लिए आवास उपलब्ध कराने के लिए स्वीकृति भी मिली थी। इसमें 60 प्रतिशत केंद्रांश और 40 प्रतिशत राज्यांश देने का प्रविधान है। वर्ष 2018 में कांग्रेस की सरकार आने के बाद आवासहीनों को मकान नहीं मिले हैंं।

छह महीने में बढ़ी सक्रियता, केंद्रीय पदाधिकारी भी सक्रिय

बेरोजगारी पर घेराव: भाजपा के युवा मोर्चा ने अगस्त में बेरोजगारी और प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ हल्ला बोला था। इस आंदोलन में युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या शामिल हुए थे।

शाह ने ली थी बड़ी सभा

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 27 अगस्त को रायपुर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय कार्यकाल को लेकर प्रकाशित पुस्तक ‘मोदी एट द रेट 20″ पर प्रदेश के चुनिंदा 1,500 प्रतिनिधियों से संवाद किया था।

रोड शो के बहाने नड्डा के नेतृत्व में शक्ति प्रदर्शन

नौ सितंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा रायपुर पहुुंचे। भाजपा ने रोड शो निकाला। एयरपोर्ट से लेकर तेलीबांधा तक बाइक रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया गया था।

महतारी हुंकार रैली

11 नवंबर को भाजपा महिला मोर्चा ने हुंकार रैली निकाली थी। इसमें केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शामिल हुईं थीं। उन्होंने महिलाओं को उत्साहित करते हुए अगले चुनाव के लिए अभी डटने की नसीहत दी थी।

कांग्रेस बोली- मुद्दा विहीन है भाजपा

प्रदेश कांग्रेस के संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्‍ला ने कहा कि राजधानी में भाजपा का प्रदर्शन सुपर फ्लाप साबित हुआ था। एक लाख के दावों के बावजूद चंद हजार ही पहुंचे। इसी तरह बिलासपुर में दावा किया था कि एक लाख महतारी आएंगी, वहां भी यही स्थिति थी। ऐसा ही हाल अब दुर्ग में भी होगा। छत्तीसगढ़ में भाजपा मुद्दा विहीन हो चुकी है। रायपुर में युवाओं के बेरोजगारी का मुद्दा उठाया था जबकि यहां बेरोजगारी की दर सबसे कम है। बिलासपुर में महिलाओं के प्रति अत्याचार के नाम पर प्रदर्शन किया था। जबकि प्रदेश में महिलाओं के प्रति अपराध में 62 प्रतिशत कमी आई।

राज्य सरकार के खिलाफ करेंगे आंदोलन

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा, छत्तीसगढ़ में भाजपा लगातार जनहित के मुद्दे उठा रही है। हम लगातार संघर्ष करेंगे। राज्य सरकार की नाकामियों को पर्दाफाश करने के लिए आगे भी आंदोलन तेज होेगा। चाहे प्रधानमंत्री आवास योजना हो या फिर अन्य योजनाएं। जहां दिक्कत हैं वहां जनता के लिए हम खड़े हैं।

मोदी के खिलाफ करें आंदोलन

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्‍ला ने कहा, इनको आंदोलन तो केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ करना चाहिए।

किसी भी प्रकार के कवरेज के लिए संपर्क AdeventMedia: 9336666601

अन्य खबरों के लिए हमसे फेसबुक पर जुड़ें।

आप हमें ट्विटर पर फ़ॉलो कर सकते हैं.

हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button
Event Services