खादी उत्पादों के डिजाइन सुधार एवं बाजार प्रतिस्पर्धा पर वर्चुअल सत्र आयोजित

लखनऊ, – उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा ग्रांट थॉर्नटन भारत एलएलपी (पीएमसी) के सहयोग से खादी क्षेत्र में नवाचार एवं डिजाइन उन्नयन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को एक विशेष वर्चुअल सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से लगभग 85 खादी संस्थानों के प्रतिनिधियों एवं डिजाइन विशेषज्ञों ने सहभागिता की।
सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में “ब्लू लोटस डिजाइन हाउस” की संस्थापक रश्मि एवं वरुण कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने खादी उत्पादों के डिजाइन, गुणवत्ता सुधार तथा बाजार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप उत्पादों को विकसित करने संबंधी अपने अनुभव और विशेषज्ञता प्रतिभागियों के साथ साझा की।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को खादी उत्पादों की गुणवत्ता, आकर्षण एवं बाजार प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के लिए व्यावहारिक एवं नवाचार आधारित सुझाव दिए गए। विशेषज्ञों ने आधुनिक उपभोक्ताओं की पसंद, उत्पाद प्रस्तुति, डिजाइन ट्रेंड तथा ब्रांडिंग के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की।

वक्ताओं ने कहा कि डिजाइन नवाचार और गुणवत्ता सुधार के माध्यम से खादी उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी बनाया जा सकता है। इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यक्रम खादी क्षेत्र को आधुनिक बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
सत्र के सफल आयोजन पर प्रतिभागियों ने इसे ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
Advertisement…





