बरेली में खुला वैशाली फिल्म क्रिएशन का नया ऑफिस

क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच : अशोक सक्सेना
फिल्म निर्माण और कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में तेजी से पहचान बना रही वैशाली फिल्म क्रिएशन ने बरेली में अपने नए कार्यालय का शुभारंभ किया। नए ऑफिस के खुलने से रुहेलखंड क्षेत्र के युवाओं और कलाकारों को फिल्म, म्यूजिक वीडियो, वेब सीरीज और विज्ञापन फिल्मों में काम करने के नए अवसर मिलेंगे।कार्यालय का उद्घाटन गिरधर गोपाल सक्सेना, विन्नी सक्सेना एवं दीपक सक्सेना ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर शहर के कई प्रमुख कलाकार, थिएटर से जुड़े लोग, यूट्यूब क्रिएटर्स और मीडिया कर्मी मौजूद रहे।संस्था की ओर से बताया गया कि बरेली और आसपास के एक्टर्स, राइटर्स, सिंगर्स एवं टेक्नीशियनों को ऑडिशन के माध्यम से विभिन्न प्रोजेक्ट्स में अवसर दिए जाएंगे। साथ ही प्री-प्रोडक्शन से लेकर पोस्ट-प्रोडक्शन तक की सुविधाएं—कास्टिंग, शूटिंग, एडिटिंग, डबिंग और VFX—एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके अलावा एक्टिंग, स्क्रिप्ट राइटिंग, सिनेमैटोग्राफी और वीडियो एडिटिंग से जुड़ी शॉर्ट-टर्म वर्कशॉप भी प्रत्येक माह आयोजित की जाएंगी। संस्था द्वारा हिंदी के साथ-साथ ब्रज, अवधी और कुमाऊंनी भाषाओं में भी कंटेंट निर्माण किया जाएगा।संस्था के फाउंडर अशोक सक्सेना ने कहा कि बरेली में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, केवल उन्हें सही मंच की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वैशाली फिल्म क्रिएशन का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को मुंबई या नोएडा जाए बिना प्रोफेशनल माहौल और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि संस्था भविष्य में फीचर फिल्म, वेब सीरीज और ब्रांड विज्ञापनों का निर्माण भी करेगी।




