एक सप्ताह में नाला सफाई पूरी करने का अल्टीमेटम, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

बरेली। मानसून के आगमन से पहले शहर को जलभराव से मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने नाला सफाई अभियान में तेजी ला दी है। बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में महापौर डॉ. उमेश गौतम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी नालों की सफाई एक सप्ताह के भीतर पूरी की जाए। निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा न होने पर संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) और सफाई निरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

महापौर ने बताया कि शहर में कुल 219 नालों की सफाई का कार्य चल रहा है। इनमें से 187 नालों की सफाई की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग के पास है, जबकि 32 नालों का कार्य निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है। वर्तमान में लगभग 50 प्रतिशत नालों की सफाई पूरी हो चुकी है।

उन्होंने बताया कि सफाई कार्य की निगरानी के लिए 8 सफाई निरीक्षक और 5 जेई तैनात किए गए हैं, जो नियमित रूप से प्रगति की रिपोर्ट दे रहे हैं। महापौर ने कहा कि अगले सप्ताह वह स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और केवल कागजी रिपोर्टों के बजाय मौके पर जाकर कार्य की गुणवत्ता का आकलन करेंगे।

बैठक में नालों में कूड़ा और मलबा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। ऐसे लोगों के चालान काटे जाएंगे। इसके अलावा डलावघरों और ट्रंक लाइनों की भी विशेष निगरानी की जाएगी ताकि बरसात के दौरान जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य मानसून शुरू होने से पहले बरेली को जलभराव की समस्या से मुक्त करना है, जिसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
Advertisement…..





