मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर सपा जिलाध्यक्ष धर्मेश गंगवार ने कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश

17 नवंबर को जारी होगा मतदाता सूची का ड्राफ्ट, 16 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां और 4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम प्रकाशन
पीलीभीत। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR 2026-27) को लेकर समाजवादी पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश तथा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के परिपत्र के अनुपालन में सपा जिलाध्यक्ष धर्मेश गंगवार ने पार्टी पदाधिकारियों, विधानसभा अध्यक्षों, बूथ कमेटियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने और प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में सुनिश्चित कराने की अपील की।
17 नवंबर को जारी होगा मतदाता सूची का ड्राफ्ट
जिलाध्यक्ष धर्मेश गंगवार ने बताया कि 17 नवंबर 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को निर्धारित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने बूथों पर घर-घर जाकर मतदाता सूची में दर्ज नामों का सत्यापन कराएं।
फार्म-6, 7 और 8 भरवाने में करें मदद
उन्होंने कहा कि नए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6, गलत अथवा अपात्र प्रविष्टियों पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फार्म-7 और नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फार्म-8 भरवाने में लोगों की सहायता की जाए। इससे कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
चार दिनों तक बूथों पर उपस्थित रहेंगे बीएलओ
विशेष अभियान के तहत 21, 22, 28 और 29 नवंबर 2026 को बीएलओ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहेंगे। जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से इन तिथियों पर अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी देने और आवश्यक सहयोग करने को कहा।
बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने के निर्देश
धर्मेश गंगवार ने विधानसभा अध्यक्षों और बूथ कमेटियों को निर्देशित किया कि जिन बूथों पर बीएलए नियुक्त नहीं हैं अथवा निष्क्रिय हैं, वहां सक्रिय कार्यकर्ताओं को बीएलए नियुक्त किया जाए। इसके साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से प्रत्येक सप्ताह उपलब्ध कराई जाने वाली मतदाता सूची में जोड़े गए, हटाए गए और संशोधित नामों की बूथवार जानकारी संबंधित पदाधिकारियों तक पहुंचाई जाए।
उन्होंने कहा कि किसी वैध मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाए जाने या किसी अपात्र व्यक्ति का नाम शामिल किए जाने की जानकारी मिलने पर संबंधित निर्वाचन अधिकारी के समक्ष लिखित आपत्ति दर्ज कराई जाए।
अंत में जिलाध्यक्ष ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से तत्काल बैठक कर अभियान की जानकारी बूथ स्तर तक पहुंचाने और पूरी सक्रियता के साथ काम करने की अपील की।
Advertisements…..





