State NewsUttar Pradesh

समग्र विकास संस्थान ने मनाया 28वां स्थापना दिवस, मेधावी छात्र एवं स्वयंसेवक हुए सम्मानित

बदायूं – समग्र विकास संस्थान, रोटा बदायूं के 28वें स्थापना दिवस के अवसर पर संस्था कार्यालय में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक भूपेंद्र सिंह भदौरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि गवर्निंग बॉडी के सदस्य विकास सिंह, कान्ती जी एवं सुखदेवी जी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत अध्यक्ष राजकुमार शर्मा एवं अन्य अतिथियों के बैज अलंकरण एवं स्वागत के साथ हुई। अपने संबोधन में संरक्षक भूपेंद्र सिंह भदौरिया ने संस्था की स्थापना से लेकर अब तक की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि संस्था ने बच्चों, महिलाओं तथा समाज के वंचित वर्गों के लिए निरंतर कार्य कर सामाजिक परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इस अवसर पर ऑडिटर विकास सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए माता-पिता एवं अभिभावकों का सम्मान करने, अनुशासित जीवन अपनाने तथा शिक्षा के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच के साथ निरंतर सीखते रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में संस्था के कार्यक्षेत्र के ग्राम कुठिया, अल्लापुर भोगी, खिरिया रहलू, मीरासराय, चिरानी एवं बबई भटपुरा के उन विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने कक्षा 10 एवं 12 की परीक्षाओं में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए थे। अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इसके साथ ही ग्राम दूदेनगर, हयातनगर, सिरसौली एवं खिरिया रहलू में संचालित लर्निंग कॉर्नरों पर बच्चों को शिक्षित करने में योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वयंसेवकों की मेहनत और प्रतिबद्धता समुदाय में शिक्षा को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रही है।

कार्यक्रम के अगले चरण में संस्था अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने संस्था के सभी कर्मचारियों एवं सहयोगियों को उनके उत्कृष्ट कार्य और समर्पण के लिए सम्मानित किया। उत्कृष्ट कार्य के लिए सीनियर फेसलिटेटर विशाल, ब्लॉक फेसलिटेटर गौरव एवं हीरेंद्र सिंह, सीएसी फेसलिटेटर संगीता तथा डीएलसी इंस्ट्रक्टर कुमारी बुशरा को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन संस्था समन्वयक साक्षी शर्मा ने किया। अंत में संस्था के 28वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में केक काटकर मिष्ठान वितरण किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने संस्था की निरंतर प्रगति एवं समाज सेवा के कार्यों में और अधिक सफलता की कामना की। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Advertisement…

Related Articles

Back to top button