उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट, एडवाइजरी जारी

भारी बारिश को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग की एडवाइजरी जारी, लोगों से सतर्क रहने की अपील
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने आम नागरिकों और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने लोगों से नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों तथा भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने और मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
आपदा प्रबंधन विभाग ने विशेष रूप से चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से यात्रा शुरू करने से पहले मौसम का ताज़ा अपडेट और प्रशासन की सलाह अवश्य लेने को कहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण भूस्खलन, सड़क अवरोध और अचानक जलस्तर बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन, पुलिस अथवा आपदा नियंत्रण कक्ष से तत्काल संपर्क करें तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित अफवाहों पर ध्यान न दें। सभी जिलों के अधिकारियों और राहत दलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
Advertisement….





