इंडिया गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता के समर्थन में किया प्रचार
इन्होंने धोखे से केजरीवाल को जेल में डाला, जनता जेल का जवाब वोट से देगी: अनुराग ढांडा
इस बार पीएम मोदी का अहंकार तोड़ेगी जनता : अनुराग ढांडा
बाबा साहेब के संविधान को खत्म करना चाहती है भाजपा : अनुराग ढांडा
बीजेपी ने धर्मनगरी में हमेशा अधर्म कर भ्रष्टाचार को बढ़ाया: अनुराग ढांडा
पहले चरण की वोटिंग के बाद बीजेपी के दावों की हवा निकली : अनुराग ढांडा
अभय चौटाला की भाजपा के साथ सेटिंग, वोट काटने के लिए कुरुक्षेत्र आया: अनुराग ढांडा
लाडवा/कुरुक्षेत्र, 21 अप्रैल
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने इंडिया गठबंधन के तहत कुरुक्षेत्र लोकसभा से प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता के समर्थन में ताज पैलेस हनौरी रोड लाडवा में जनसभा को संबोधित किया। उनके साथ संदीप,देवेंद्र ढांडा, दिलावर सिंह, सुमित कुमार, सतपाल, सतीश, तेजपाल, शिवा, ऋषिपाल, मंजीत, आनंद, दीपक, रिंकू, टिंकू, डॉ. मनीष यादव, गेहल सिंह संधू, सुमित सतपाल, दिलबाग, पूर्व सरपंच बलवीर, विजय नंबरदार, सरपंच राजकुमार ,गुरुदेव सूरा, परमिंदर नागरा, अमर सिंह फौजी, नायब सिंह ,सतीश और जसवीर खनोदा मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि पांच साल में एक बार ऐसा समय आता है जब नेता आपके पीछे घूमते हैं नहीं तो पूरे पांच साल जनता नेताओं के पीछे घूमती है। किसान को एमएसपी चाहिए, युवाओं को रोजगार चाहिए और यदि हमारा कोई बच्चा विदेश में फंस गया तो उसको निकालने के लिए सरकार के नेताओं के पास जाना पड़ता है। इसके अलावा महिलाओं के मान सम्मान की रक्षा नहीं हो पा रही तो नेताओं के पास जाना पड़ता है। जब सरपंचों को भी अपने अधिकार के लिए चंडीगढ़ नेताओं के दरवाजे तक जाना पड़ा था। पांच साल में केवल एक मौका ऐसा आता है जब ये नेता मतदाता के पास आते हैं। इसलिए अब नेता आपके पास आएंगे और हाथ जोड़कर कहेंगे कि वोट हमें देना। लेकिन अब आपके पास मौका है कि जितनी बार आपको उन नेताओं के पास जाना पड़ा और जैसा व्यवहार आपके साथ किया अब उसका हिसाब करने का समय आ गया है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संविधान में सबको एक समान वोट का अधिकार है। 5 साल बाद बड़े से बड़े नेताओं को भी आपके पास झोली फैला कर आना पड़ता है। इसलिए जिसने आपके साथ जैसा व्यवहार किया हो आपके ऊपर लाठियां बरसाई हों या परेशान किया हो, अब उसके साथ वैसा की व्यवहार करना चाहिए। आज हमारे गांव और घर पर आ रहे है इनका भी वही अपमान होना चाहिए जो इन्होंने हमारे साथ किया। ये पूरे देश में तानाशाही से काम कर रहे हैं। 300 साल की गुलामी और हजारों लाखों लोग शहीद होने के बाद हमें ये आजादी मिली थी।
उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें देश में कहीं भी और किसी भी कोने में आने जाने अधिकार दिया है। लेकिन जब हरियाणा पंजाब के किसान और मजदूर दिल्ली जाना चाहते थे तो इस सरकार ने उनके रास्तों में कीलें ठोक दी। इन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीम राव अंबेडकर के संविधान का अपमान किया है। जिन मंत्रियों को हमने चुन कर भेजा किसान दिल्ली में उनके घर पर जाना चाहते थे, लेकिन इन्होंने कहा आप हमारे घर नहीं आ सकते। तो अब चुनाव में इन नेताओं की भी हिम्मत नहीं है कि वो हमारे गांव और घर में घुस सके। उन्होंने कहा कि भाजपा एक एक करके बाबा साहेब के संविधान को खत्म करना चाहते हैं। आजादी के सभी अधिकारों को छीनना चाहते हैं। भाजपा ने जनता द्वारा चुने हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बिना किसी सुबूत के जेल में डाल दिया। भाजपा इस देश में तानाशाही लाने की कोशिश कर रही है। इतिहास उठाकर देख लो पहले दिल्ली में बड़े बड़े धरने प्रदर्शन होते थे अब इस सरकार में ऐसा क्या बदल गया कि ये सरकार हमें दिल्ली नहीं जाने देती।
उन्होंने कहा कि भाजपा हमें गुलाम बनाना चाहती है और संविधान खत्म करके अंग्रेजों का राज लाना चाहती है। आज भाजपा अंग्रेजों की राह पर चल रही है, इसलिए इनका फन कुचलना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जिसको गिरफ्तार करके जेल में डाला है वो अरविंद केजरीवाल हरियाणा की मिट्टी में पैदा हुआ है, अरविंद केजरीवाल की रगों में भी हरियाणा का खून है। इनको क्या लगता है हरियाणा के खून को उठाकर जेल में डाल देंगे और हम चुप चाप अपमान झेलते रहेंगे। यदि हरियाणा के गौरव और स्वाभिमान को बचाना चाहते हो तो इस बार उसके नाम पर वोट देना होगा। इस बार कुरुक्षेत्र लोकसभा में इतनी बार झाड़ू का बटन दबाना है कि ईवीएम मशीन भी इनकी मदद करने से मना करदे।
उन्होंने कहा कि हम इस देश के लिए वोट मांगने आए हैं। न जाने हमारे कितने नेता जेल में हैं और प्रतिदिन हमारे नेताओं के घर पर रेड होती है। इन्होंने कहा इंडिया गठबंधन मत करना नहीं तो जेल में डाल देंगे और तुम्हारी सरकार गिरा देंगे। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जो करना है करलो मुझे देश बचाना है और इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनूंगा। उन्होंने कहा ये आरोप लगाने आएंगे कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस तो एक दूसरे का विरोध करते थे अब एक कैसे हो गए। लेकिन अरविन्द केजरीवाल और राहुल गांधी ने तय किया कि लोकतंत्र और संविधान को बचाना है। जब संविधान बचेगा तभी तो चुनाव बचेगा। कोई नेता और कोई पार्टी महत्त्वपूर्ण नहीं है ये देश और संविधान रहना चाहिए। इसलिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के एक एक कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ इस चुनाव में एक होकर खड़े हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोगों को सरिया निकालने का बहुत शौक है। इसलिए इस बार पीएम मोदी का भी अहंकार तोड़ना है। इन्होंने हमारे नेता को जेल भेजा इसलिए इस बार जेल का जवाब वोट से देंगे।
उन्होंने कहा कि पहले वोट बंट जाते थे लेकिन अब वोट की केवल दो ढेरी हैं। एक है इंडिया गठबंधन की जिसमें सभी देशभक्त वोट करेंगे और दूसरी भाजपा की जिसमें केवल अंधभक्त वोट करेंगे। यदि कोई तीसरा चुनाव के मैदान में है तो समझ जाना कि वो भाजपा के इशारे पर वोट काटने आया है, वो ताऊ का लाल नहीं भाजपा का दलाल है। इस बार अपना और परिवार का एक भी वोट खराब नहीं होने देना है। चौटाला परिवार के लोग कहते हैं कि हमने हरियाणा बनाया, जब हरियाणा बनाया तो पानी लाना क्यों भुल गए। अभय चौटाला ने राष्ट्रपति और राज्यसभा के चुनाव में भाजपा को वोट दिया। इनको वोट देने का मतलब भाजपा को वोट देना है।
उन्होंने कहा कि जब हमने इंडिया गठबंधन के तहत कुरुक्षेत्र लोकसभा से डॉ. सुशील गुप्ता के नाम की घोषणा की तो भाजपा ने सर्वे करवाया जिसमें भाजपा हार रही थी। इसलिए नायब सैनी को भाजपा मुख्यमंत्री बनाकर सुरक्षित कुरुक्षेत्र से निकाल कर ले गई। ताकि इनकी इज्जत बच जाए। इसके बाद भाजपा को पूरे हिंदुस्तान में एक आदमी ऐसा नहीं मिला जो डॉ. सुशील गुप्ता ओर इंडिया गठबंधन को चुनौती दे सके। तो फिर भाजपा दूसरी पार्टी से नवीन जिंदल को इंपोर्ट करके लाई। जिसको 2014 में प्रधानमंत्री मोदी सबसे बड़ा कोयला कहते थे। आज उसी नवीन जिंदल को भाजपा ने अपने वाशिंग मशीन में धोकर उम्मीदवार बना दिया। उन्होंने कहा कि नवीन जिंदल चुनाव नहीं लड़ना चाहते थे भाजपा ईडी और सीबीआई का डर दिखाकर उन्हें चुनाव लड़ा रही है। नवीन जिंदल चुनाव प्रचार के लिए दो दिन आए जिसके बाद विदेश घूमने चले गए। उसकी जनता के बीच जाने की हिम्मत ही नहीं हो रही। नवीन जिंदल भाजपा के मजबूर उम्मीदवार हैं, जो मजबूरी में चुनाव लड़ रहा है वो जनता की क्या सेवा करेगा, इसलिए इस बार जो मजबूती से चुनाव लड़ रहा है डॉ. सुशील गुप्ता को अपना वोट देकर जिताएं।
अन्य खबरों के लिए हमसे फेसबुक पर जुड़ें। आप हमें ट्विटर पर फ़ॉलो कर सकते हैं. हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।
किसी भी प्रकार के कवरेज के लिए संपर्क AdeventMedia: 9336666601