State NewsUttar Pradesh

यूपी में 31 दिसंबर तक होगी मक्का, बाजरा और ज्वार की खरीद, किसानों को 48 घंटे में भुगतान के निर्देश

लखनऊ, 9 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत श्रीअन्न (मोटे अनाज) की खरीद 31 दिसंबर 2026 तक की जाएगी। राज्य सरकार ने मक्का, बाजरा और ज्वार की खरीद के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) निर्धारित करने के साथ क्रय केंद्रों की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को किसानों को खरीद के 48 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय के अनुसार, ज्वार (मालदांडी) का न्यूनतम समर्थन मूल्य 4,073 रुपये, ज्वार (हाईब्रिड) का 4,023 रुपये, बाजरा का 2,900 रुपये और मक्का का 2,410 रुपये प्रति कुंतल तय किया गया है।

455 क्रय केंद्रों पर होगी खरीद

सरकार ने मोटे अनाज की खरीद के लिए कुल 455 क्रय केंद्र प्रस्तावित किए हैं। इनमें बाजरा के लिए 300, ज्वार के लिए 80 और मक्का के लिए 75 क्रय केंद्र शामिल हैं। खरीद का लक्ष्य बाजरा के लिए 2.20 लाख मीट्रिक टन, ज्वार के लिए 50 हजार मीट्रिक टन और मक्का के लिए 15 हजार मीट्रिक टन रखा गया है।

इन जिलों में होगी मक्का की खरीद

मक्का की खरीद बुलंदशहर, बदायूं, हरदोई, उन्नाव, मैनपुरी, आगरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़, एटा, कासगंज, हाथरस, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज, बहराइच, गोंडा, देवरिया, बलिया, जौनपुर, मीरजापुर, सोनभद्र और ललितपुर में प्रस्तावित है।

33 जनपदों में खरीदा जाएगा बाजरा

बाजरा की खरीद बुलंदशहर, रामपुर, संभल, अमरोहा, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, एटा, कासगंज, हाथरस, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, फर्रुखाबाद, औरैया, कन्नौज, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर, मीरजापुर, प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर, जालौन, चित्रकूट और हमीरपुर में की जाएगी।

ज्वार की खरीद के लिए जिलों का निर्धारण

ज्वार की खरीद के लिए जारी विवरण में बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, कानपुर नगर, कानपुर देहात, फतेहपुर, उन्नाव, हरदोई, मीरजापुर, जालौन, झांसी और फिरोजाबाद सहित जिलों का उल्लेख है।

आधार लिंक्ड बैंक खाते में होगा भुगतान

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार किसानों को खरीद के 48 घंटे के भीतर भुगतान किया जाएगा। राशि सीधे किसानों के आधार लिंक्ड बैंक खातों में भेजी जाएगी। खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और बिचौलियों की भूमिका रोकने के लिए क्रय केंद्रों पर ई-पॉप (इलेक्ट्रॉनिक प्वॉइंट ऑफ परचेज) डिवाइस के माध्यम से बायोमीट्रिक सत्यापन किया जाएगा।

किसानों को खरीद से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 18001800150 पर संपर्क करने की सुविधा दी गई है। इसके अतिरिक्त किसान जिला खाद्य विपणन अधिकारी, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी और विपणन निरीक्षक से भी सहायता ले सकते हैं।

राज्य सरकार का लक्ष्य निर्धारित समर्थन मूल्य पर मोटे अनाज की खरीद सुनिश्चित करना, किसानों को समय पर भुगतान उपलब्ध कराना और खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना है।

Advertisements……

Related Articles

Back to top button