Uncategorized

त्योहारों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारी तेज, दशहरा पर गांव से शहर तक जगमग रहेगा यूपी

योगी सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों सहित जनपद, तहसील और शहरी इलाकों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति के दिए निर्देश

दीपावली और छठ को लेकर बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटीं विभागीय टीमें, पांचों डिस्कॉम क्षेत्रों में मेंटेनेंस कार्य तेज

लखनऊ, 19 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने दशहरा, दीपावली और छठ समेत आगामी त्योहारों के दौरान प्रदेशवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने की तैयारियां तेज कर दी हैं। दशहरा (20 अक्टूबर) के अवसर पर गांव से शहर तक रोशनी बनाए रखने के लिए जनपद, तहसील और ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) की टीमें प्रदेश के पांचों डिस्कॉम क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटी हैं।

गांव से शहर तक निर्बाध आपूर्ति पर जोर

यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार ने बताया कि गांवों, शहरों, नगर निगम और नगर पालिका क्षेत्रों में सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है। त्योहारों के दौरान बिजली व्यवस्था को सुरक्षित और निर्बाध बनाए रखने के लिए विभागीय टीमें लगातार सक्रिय रहेंगी।

पूर्वांचल, मध्यांचल, पश्चिमांचल, दक्षिणांचल और केस्को क्षेत्रों में बिजली लाइनों तथा संबंधित उपकरणों के रखरखाव का काम तेज किया गया है। विद्युत लाइनों के संपर्क में आने वाली पेड़ों की शाखाओं की कटाई-छंटाई कराई जा रही है, ताकि ट्रिपिंग और आपूर्ति बाधित होने की आशंका कम की जा सके।

22,540 मेगावाट मांग के सापेक्ष हुई बिजली आपूर्ति

प्रदेश में बिजली की मांग और उपलब्धता पर यूपीपीसीएल लगातार निगरानी कर रहा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, 18 अक्टूबर को प्रदेश में 22,540 मेगावाट बिजली की मांग के सापेक्ष आपूर्ति की गई। इससे पहले 17 अक्टूबर को 23,738 मेगावाट और 16 अक्टूबर को 23,372 मेगावाट बिजली की मांग पूरी की गई थी।

विभाग का कहना है कि प्रदेश में निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति बनाए रखने के साथ कई क्षेत्रों में रोस्टर से अधिक आपूर्ति की जा रही है। त्योहारों के मद्देनजर बिजली की मांग, आपूर्ति और स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं पर विशेष नजर रखी जा रही है।

पांचों डिस्कॉम क्षेत्रों में रखरखाव कार्य तेज

पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में बिजली विभाग की टीमें विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने में लगी हैं। मध्यांचल में बुनियादी ढांचे के रखरखाव पर जोर दिया जा रहा है, जबकि पश्चिमांचल और दक्षिणांचल में भी बिजली लाइनों तथा उपकरणों की जांच और मरम्मत का काम जारी है। केस्को क्षेत्र में भी आपूर्ति व्यवस्था पर निगरानी रखी जा रही है।

सरकार का लक्ष्य है कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को बिजली कटौती और ट्रिपिंग जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और जरूरी रखरखाव कार्य समय से पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।

Advertisements…….

Related Articles

Back to top button