चुनाव से पहले मंत्री पद को लेकर सियासी तंज, राजभर ने अखिलेश यादव को घेरा

इंद्रजीत सरोज के मंत्री बनने और जेसीबी-डंपर से जुड़े बयान पर ओम प्रकाश राजभर की प्रतिक्रिया
लखनऊ, 22 सितंबर। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज के हालिया बयानों को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अभी दूर हैं और जनता का फैसला आना बाकी है, लेकिन सपा में अभी से मंत्री पद और विभागों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
राजभर ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर इंद्रजीत सरोज के उस बयान का उल्लेख किया, जिसमें सरोज ने कहा था कि पार्टी के कठिन दौर में साथ रहने के कारण सरकार बनने पर उन्हें मंत्री बनने से कोई रोक नहीं पाएगा। राजभर ने इसी बयान को आधार बनाते हुए सपा नेतृत्व पर राजनीतिक तंज कसा।
जेसीबी-डंपर और बालू खनन के बयान पर भी प्रतिक्रिया
सुभासपा अध्यक्ष ने सरोज की जेसीबी, डंपर और बालू खनन से संबंधित टिप्पणी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव में अभी समय है, लेकिन मंत्री पद और सरकार बनने के बाद कार्यकर्ताओं को मिलने वाले संभावित अवसरों को लेकर अभी से चर्चा की जा रही है।
राजभर ने सवाल किया कि यह चुनाव की तैयारी है या सरकार बनने से पहले ही मंत्री पद और बालू-मिट्टी से जुड़े मामलों का हिसाब-किताब लगाया जा रहा है।
“पहले जनता का फैसला आने दीजिए”
राजभर ने अपने पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता के फैसले से पहले किसी पद या विभाग का बंटवारा करना उचित नहीं है। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि पहले जनता की अदालत का फैसला आने देना चाहिए, उसके बाद ही सरकार और विभागों की बात होनी चाहिए।
अखिलेश यादव से किया सवाल
राजभर ने अखिलेश यादव से सवाल किया कि 2027 के लिए और किन-किन नेताओं को कौन-कौन से विभाग आवंटित किए गए हैं। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि सपने में ही सही, यह भी बता दिया जाए कि किसे पीडब्ल्यूडी और किसे सिंचाई विभाग मिलेगा।
सियासी बयानबाजी के बीच राजभर की इस प्रतिक्रिया ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में मंत्री पद और संभावित सत्ता समीकरणों को लेकर चल रही चर्चाओं को फिर सामने ला दिया है।
Advertisement….





